रोहतक के काहनोर गांव में प्लॉट विवाद ने लिया हिंसक रूप, हथियारों से लैस युवक गाड़ियों में पहुंचे, CCTV में कैद पूरी वारदात

रोहतक के काहनोर गांव में प्लॉट विवाद को लेकर हथियारों से लैस युवक गाड़ियों में पहुंचे। ग्रामीणों के आने पर आरोपी फरार हो गए। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

रोहतक के काहनोर गांव में प्लॉट विवाद ने लिया हिंसक रूप, हथियारों से लैस युवक गाड़ियों में पहुंचे, CCTV में कैद पूरी वारदात

➤ 7 फरवरी को प्लॉट कब्जे को लेकर बढ़ा तनाव
➤ 8–10 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे युवक, हथियार होने का आरोप
➤ ग्रामीणों को देखकर मौके से फरार हुए आरोपी
➤ CCTV फुटेज आया सामने, पुलिस जांच में जुटी
➤ पीड़ित ने पुलिस चौकी पर मिलीभगत के लगाए आरोप


रोहतक जिले के काहनोर गांव में 7 फरवरी को प्लॉट विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब कथित तौर पर हथियारों से लैस युवक कई गाड़ियों में सवार होकर गांव पहुंचे और प्लॉट पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से बड़ा टकराव टल गया और आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 8 से 10 गाड़ियां एक साथ गांव में दाखिल होती हैं, जिनमें कई युवक सवार हैं। कुछ देर रुकने के बाद जैसे ही ग्रामीण मौके पर पहुंचते हैं, सभी गाड़ियां तेजी से वहां से निकल जाती हैं

काहनोर गांव निवासी धर्मबीर ने बताया कि गांव के एक प्लॉट पर उनका और उनके परिवार का कई वर्षों से कब्जा है। उनका आरोप है कि किसी व्यक्ति ने यह प्लॉट मुरादपुर टेकना निवासी निर्भय को बेच दिया, जबकि वे पहले से इस जमीन पर काबिज हैं। धर्मबीर के अनुसार, अब उक्त युवक उनसे जबरन कब्जा छुड़वाना चाहता है

धर्मबीर ने बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत स्तर पर बातचीत हुई थी और समझौते के तहत लाखों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए। इसके बावजूद उनसे और पैसों की मांग की जा रही थी। इसी दबाव के चलते 7 फरवरी को आरोपी युवक कथित तौर पर बदमाशों को साथ लेकर गाड़ियों में सवार होकर प्लॉट पर पहुंचा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। वहीं, धर्मबीर ने काहनोर पुलिस चौकी के अधिकारियों पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद आरोपी युवक पुलिस के सामने से ही निकल गए

इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहतक से की। पीड़ितों के अनुसार, एसपी ने मामले की जांच एएसपी की अध्यक्षता में कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।