सिरसा के होटल में पुलिस की रेड, मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार

सिरसा में पुलिस ने होटल पर छापेमारी कर मैनेजर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। फर्जी ग्राहक भेजकर की गई कार्रवाई में कथित अनैतिक गतिविधियों का खुलासा हुआ।

सिरसा के होटल में पुलिस की रेड, मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार

सिरसा के होटल में पुलिस की रेड, 3 युवतियां और 3 युवक पकड़े गए

फर्जी ग्राहक भेजकर पुलिस ने किया भंडाफोड़

होटल मैनेजर गिरफ्तार, अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज


हरियाणा के सिरसा में पुलिस ने शनिवार को एक होटल में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों से तीन युवतियों और तीन युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। पुलिस ने होटल मैनेजर समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वह होटल, जिसमें पुलिस ने छापेमारी की

जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि डबवाली रोड स्थित एक होटल में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक फर्जी ग्राहक को होटल में भेजा। आरोप है कि एक हजार रुपये में युवती उपलब्ध कराने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई।

युवकों को पुलिस होटल से बाहर लेकर आते हुए

इसके बाद डीएसपी राज सिंह के नेतृत्व में एबीवीटी टीम और पुलिस बल ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से युवक-युवतियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार सभी की उम्र करीब 24 से 26 वर्ष के बीच है और अधिकांश लोग पंजाब से जुड़े बताए जा रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि होटल प्रबंधन कथित तौर पर पंजाब से युवतियों को बुलाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के बाद महिला पुलिस कर्मियों ने युवतियों को होटल से बाहर निकालकर थाने पहुंचाया।

युवतियों को होटल से बाहर लेकर आते हुए महिला पुलिस। अपना मुंह छिपाए हुए युवतियां

पुलिस ने होटल से एक रजिस्टर भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में रजिस्टर में 25 से 30 लोगों के नाम दर्ज मिले हैं। पुलिस अब इन नामों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका इस मामले से कोई संबंध है या नहीं।

मामले में होटल मैनेजर मुकुल समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी राज सिंह ने कहा कि शहर में होटलों की आड़ में अवैध गतिविधियां चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।