भिवानी पहुंचे AAP प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता, नगर निगम चुनाव सिंबल पर लड़ने का ऐलान
भिवानी में AAP प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कार्यकर्ताओं की बैठक में नगर निगम चुनाव सिंबल पर लड़ने का ऐलान किया और हरियाणा में अपराध, नशा व भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया।
- नगर निगम चुनाव AAP सिंबल पर लड़ने का ऐलान
- भाजपा शासन में अपराध, नशा और भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप
- कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर घर-घर संगठन मजबूत करने पर जोर
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता गुरुवार को भिवानी पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया गया। डॉ. सुशील गुप्ता ने साफ किया कि हरियाणा में होने वाले नगर निगम चुनाव आम आदमी पार्टी अपने सिंबल पर लड़ेगी, जिसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।
प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में अपराध लगातार बढ़ा है। जेलों में बंद अपराधी खुलेआम फिरौती मांग रहे हैं, जो कानून-व्यवस्था की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार हालात पर काबू पाने में पूरी तरह विफल रही है।
दिल्ली की राजनीति का जिक्र करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी की पूरी सरकार को जेल भेजने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अरविंद कजरीवाल को जेल भेजा गया, लेकिन वह डरे नहीं, न झुके और न बिके, बल्कि और मजबूत होकर बाहर आए।
हरियाणा में अरविंद कजरीवाल की सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अरविंद कजरीवाल पूरे देश की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पंजाब, गुजरात, गोवा, जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में पार्टी को मजबूत करने के बाद जल्द हरियाणा में भी उनका दौरा होगा।
पंजाब सरकार का उदाहरण देते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि वहां फ्री बिजली और 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी। वहीं हरियाणा में किसानों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि फसलों का मुआवजा नहीं मिल रहा और आज भी खेतों में भरे पानी की निकासी नहीं हो पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जेल जाने के डर से विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल रही है। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में नशा, बेरोजगारी, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि HPSC चेयरमैन द्वारा हरियाणा की यूनिवर्सिटियों को नकारा बताना प्रदेश के युवाओं का अपमान है।
पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों, पार्टी रणनीति, पदाधिकारियों की जवाबदेही और नई जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही घर-घर जाकर दिल्ली-पंजाब मॉडल को जनता तक पहुंचाने और भिवानी जिले की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी 23 जिलों में नशा बिक रहा है, जिस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे युवा पथभ्रष्ट हो रहे हैं। यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समानता के भाव से सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है, ताकि किसी वर्ग में कानून को लेकर भय का माहौल न बने।
Akhil Mahajan