रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, पहले 28 हजार लेने के बाद फिर मांगे थे 25 हजार

फरीदाबाद के धौज थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को पलवल एसीबी ने 25 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, पहले 28 हजार लेने के बाद फिर मांगे थे 25 हजार

➤ धौज थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

➤ शिकायतकर्ता का आरोप, परिवार को मुकदमे में परेशान न करने के बदले मांगी थी रकम

➤ पहले भी 28 हजार रुपये लेने का आरोप, पलवल ACB की टीम ने बिछाया था जाल


फरीदाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने धौज थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को 25 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने मारपीट के एक मामले में शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्यों को मुकदमे में परेशान नहीं करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि आरोपी इससे पहले उससे 28 हजार रुपये ले चुका था। दोबारा 25 हजार रुपये मांगे जाने से परेशान होकर उसने पलवल ACB से शिकायत की, जिसके बाद शनिवार को टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रकम लेते ही गिरफ्तार कर लिया।

मारपीट के मामले की जांच कर रहा था सब इंस्पेक्टर।

मामला धौज थाना क्षेत्र में दर्ज मारपीट की एक एफआईआर से जुड़ा है। शिकायतकर्ता अजमुद्दीन ने पुलिस को बताया कि 8 मई 2026 को शाम करीब 4 बजे वह सिरोही गांव में अपने मालिक धर्म के फार्म हाउस पर काम करवा रहा था। इसी दौरान रविंद्र बंसल और उनके बेटे सहित कई लोग फार्म हाउस पहुंचे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां मौजूद लोगों ने उस पर लाठी, रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की कोशिश की और धमकी भी दी।

इस शिकायत के आधार पर धौज थाना पुलिस ने रविंद्र बंसल, नाजिम, लला, अशफाक, समीर, शाहरुख, सहनवाज और मनोज के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।

परिवार को परेशान न करने के बदले मांगी रकम।

धौज थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 84/2026 की जांच सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार कर रहा था। आरोप है कि जांच के दौरान उसने शिकायतकर्ता से उसके परिवार के सदस्यों को मुकदमे में परेशान नहीं करने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने ACB को दी शिकायत में बताया कि आरोपी पहले भी उससे 28 हजार रुपये ले चुका था। इसके बावजूद दोबारा 25 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इसी से परेशान होकर उसने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का दरवाजा खटखटाया।

रिश्वत की रकम लेते ही ACB ने दबोचा।

शिकायत मिलने के बाद पलवल ACB की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की। इसके तहत शिकायतकर्ता को 25 हजार रुपये की रकम देकर सब इंस्पेक्टर के पास भेजा गया। जैसे ही प्रदीप कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, पहले से तैयार ACB टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह ट्रैप कार्रवाई ACB यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने कार्यालय ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ACB की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है।