बास्केटबॉल खिलाड़ियों की मौत पर हरियाणा सरकार सख्त : खेल परिसरों के निरीक्षण के निर्देश,परिजनों को 5-5 लाख देने का ऐलान, कोताही पर होगी कार्रवाई
हरियाणा में बास्केटबॉल के दो खिलाड़ियों की मौत पर सीएम नायब सैनी ने दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को 5–5 लाख सहायता देने की घोषणा की। सभी खेल परिसरों के निरीक्षण और पुराने उपकरण हटाने के निर्देश।
दो बास्केटबॉल खिलाड़ियों की मौत पर सीएम नायब सैनी ने जताया दुख
परिजनों को 5–5 लाख मुआवजे और सभी खेल परिसरों के निरीक्षण के आदेश
पुराने उपकरण हटाने और हादसे रोकने के लिए हाईलेवल मीटिंग बुली
हरियाणा में बास्केटबॉल के दो खिलाड़ियों की मौत के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शोकाकुल परिवारों को 5–5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग को राज्यभर के सभी खेल परिसरों का निरीक्षण करने, और खेल उपकरणों की मरम्मत और रखरखाव मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त आदेश देते हुए कहा कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
यह हादसा रोहतक के गांव लाखनमाजरा में हुआ, जहां 17 वर्षीय नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की प्रैक्टिस के दौरान पोल गिरने से मौत हो गई। हार्दिक 3 सब-जूनियर नेशनल और 1 यूथ नेशनल में खेल चुका था और बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की इंदौर एकेडमी में चयनित था। साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इसी प्रकार 23 नवंबर को बहादुरगढ़ में 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की मौत हो गई, जो जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल हो गया था।
घटना के बाद जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है और लाखनमाजरा खेल नर्सरी को भी निलंबित कर दिया गया है। साथ ही खेल उपकरणों की जांच और सुधार के लिए कमेटी गठित की गई है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने 28 नवंबर को पंचकूला में हाई लेवल मीटिंग बुलाने की घोषणा की है, जिसमें सभी जिला खेल अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया जाएगा।
हरियाणा खेल विभाग ने सभी खेल परिसरों में लगे पुराने और असुरक्षित उपकरण तुरंत हटाने का आदेश जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवहेलना की स्थिति में किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। इसके अलावा प्रोजेक्ट चीफ इंजीनियर और स्पोर्ट्स एंड फिजिकल फिटनेस अथॉरिटी को मरम्मत और बदलाव प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए गए हैं।
Author1