हरियाणा बोर्ड ने 10वीं पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित किया, जानें

हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने सितंबर-अक्टूबर 2025 में हुई 10वीं शैक्षिक व मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। शैक्षिक परीक्षा में 46.09% और मुक्त विद्यालय में 54.31% छात्र पास हुए।

हरियाणा बोर्ड ने 10वीं पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित किया, जानें

हरियाणा बोर्ड ने 10वीं पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित किया
शैक्षिक परीक्षा में 46.09% और मुक्त स्कूल में 54.31% रहा पास प्रतिशत
फतेहाबाद जिला पहले स्थान पर, झज्जर सबसे पीछे रहा


हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने सितंबर-अक्टूबर 2025 में आयोजित सेकेंडरी (10वीं) शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षार्थी अपने परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर देख सकते हैं।

बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि शैक्षिक पूरक परीक्षा का कुल परिणाम 46.09 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में कुल 5,290 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 2,438 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं 2,630 परीक्षार्थियों की कम्पार्टमेंट (EIOP) आई है और 222 परीक्षार्थियों को एसेंशियल रिपीट मिला है।

परिणाम के अनुसार 3309 छात्रों में से 1,483 छात्र (44.82%) पास हुए, जबकि 1981 छात्राओं में से 955 छात्राएं (48.21%) ने सफलता हासिल की। जिला फतेहाबाद ने 65.27 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि झज्जर जिला 25.42 प्रतिशत के साथ सबसे नीचे रहा।

बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मुक्त विद्यालय सेकेंडरी पूरक परीक्षा का पास प्रतिशत 54.31 रहा। इस परीक्षा में 11,453 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 6,220 ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि 5,233 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आई।

मुक्त विद्यालय परीक्षा में 6,716 छात्रों में से 3,593 छात्र पास हुए, जबकि 4,737 छात्राओं में से 2,627 छात्राएं सफल रहीं।

बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने बताया कि परीक्षार्थी परिणाम जारी होने की तिथि से 20 दिन के भीतर अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन बोर्ड की वेबसाइट पर निर्धारित शुल्क जमा कर किया जा सकता है।

बोर्ड ने कहा है कि छात्रों को परिणाम की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि कोई भी विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर असमंजस में न रहे।