हरियाणा में नीट री-एग्जाम की तैयारी तेज, आज मुख्य सचिव की बड़ी बैठक
हरियाणा में नीट (यूजी) 2026 री-एग्जाम को लेकर आज मुख्य सचिव सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा होगी।
नीट (यूजी) 2026 री-एग्जाम को लेकर आज मुख्य सचिव सभी जिलों के अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, पेपर वितरण और अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
पेपर रद्द होने के बाद नई गाइडलाइन और सख्त व्यवस्थाओं पर हो सकता है फैसला
➤ विस्तृत खबर
हरियाणा में नीट (यूजी) 2026 री-एग्जाम को लेकर आज अहम बैठक होने जा रही है। प्रदेश के मुख्य सचिव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों के साथ परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में सभी जिलों के डीसी, एडीसी, एसपी और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) शामिल होंगे।
नीट परीक्षा रद्द होने के बाद पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर यह पहली बड़ी बैठक मानी जा रही है। इसमें परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित ढुलाई, समय पर वितरण तथा अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा सामग्री उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुबह 11 बजे शुरू होगी और इसके लंबे समय तक चलने की संभावना है।
शिक्षा विभाग ने भी री-एग्जाम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी परीक्षा केंद्रों से व्यवस्थाओं संबंधी रिपोर्ट मांगी गई है। यह जानकारी जुटाई जा रही है कि केंद्रों पर पर्याप्त संसाधन, सुरक्षा और प्रबंधन उपलब्ध हैं या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, इस बार परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए विशेष निरीक्षण टीमें भी बनाई जा सकती हैं। ये टीमें परीक्षा से पहले केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी और रिपोर्ट तैयार करेंगी।
उधर, नीट परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी का माहौल भी देखने को मिला है। सिरसा में यूथ कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन भी किया गया था। छात्रों का कहना है कि परीक्षा रद्द होने से उनकी तैयारी और मानसिक स्थिति पर असर पड़ा है।
इससे पहले सिरसा के एडीसी अर्पित संगल ने परीक्षा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं, पर्याप्त वेंटिलेशन, साफ-सफाई और अभ्यर्थियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सिटी को-ऑर्डिनेटर एवं पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, वायुसेना स्टेशन सिरसा के प्राचार्य प्रदीप सिंह के अनुसार जिले में कुल 2,526 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन एवं पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा पूर्व निर्धारित केंद्रों पर ही कराई जाएगी ताकि व्यवस्थाओं में निरंतरता बनी रहे।
pooja