सोनीपत से लापता छात्रा का हरिद्वार में मिला श*व
सोनीपत से लापता 12वीं की छात्रा का शव हरिद्वार की गंग नहर में मिला। छात्रा स्कूल के साथ कोचिंग ले रही थी। पुलिस सुसाइड की आशंका मानकर जांच कर रही है।
-
सोनीपत से लापता 12वीं की छात्रा का शव हरिद्वार की गंग नहर में मिला
-
देवड़ू रोड स्कूल में पढ़ती थी, सेक्टर-14 में ले रही थी कोचिंग
-
हरिद्वार पुलिस सुसाइड की आशंका मानकर जांच में जुटी
सोनीपत जिले से लापता हुई कक्षा 12वीं की छात्रा का शव उत्तराखंड के हरिद्वार में गंग नहर से बरामद हुआ है। छात्रा देवड़ू रोड स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ाई कर रही थी और इसके साथ ही सेक्टर-14 के एक कोचिंग संस्थान में भी जाती थी। परिजनों ने हरिद्वार पहुंचकर शव की पहचान कर ली है। हरिद्वार पुलिस फिलहाल इस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, जबकि सोनीपत पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में जीवन विहार निवासी छात्रा के पिता ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसकी 17 वर्षीय बेटी देवड़ू रोड स्थित स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी और नियमित रूप से सेक्टर-14 में कोचिंग लेने जाती थी।
परिजनों के अनुसार, 18 दिसंबर को छात्रा घर में अकेली थी। सुबह करीब 10 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
बेटी के अचानक लापता होने से परेशान पिता ने सेक्टर-27 थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने निजी स्वार्थ के लिए उनकी बेटी को बंधक बनाकर छिपा रखा हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इसी बीच शनिवार को परिजनों को सूचना मिली कि सोनीपत की एक छात्रा का शव हरिद्वार में मिला है। सूचना मिलने पर परिजन हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने गंग नहर से मिले शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि छात्रा ने हरिद्वार पहुंचकर गंगा नदी में छलांग लगाई। उसका शव बहते हुए गंग नहर में चला गया और शुक्रवार को कनखल क्षेत्र के पास एक गेट में फंस गया। हालांकि पुलिस अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस बीच सोनीपत जिले में युवती के लापता होने का एक और मामला सामने आया है। गोहाना थाना सदर क्षेत्र के खानपुर कलां गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती 13 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों के अनुसार, युवती के घर से निकलने के बाद से उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है। काफी तलाश के बावजूद जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने गोहाना थाना में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
Author1