हरियाणा में हजारों परिवार को मिली लालडोरे की जमीन पर मालिकाना हक
अंबाला नगर निगम ने लालडोरे जमीन पर मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे 23,388 परिवार कानूनी रूप से अपनी संपत्ति के मालिक बन सकेंगे और उन्हें रजिस्ट्री व लोन जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
➤ अंबाला में लालडोरे जमीन पर मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू
➤ नगर निगम के फैसले से 23,388 परिवारों को कानूनी अधिकार मिलेगा
➤ अब संपत्ति की रजिस्ट्री, लोन और बाजार मूल्य बढ़ने का रास्ता साफ
अंबाला शहर के हजारों परिवारों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। नगर निगम अंबाला ने आज से लालडोरे की जमीन पर रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। इस बड़े फैसले से शहर के करीब 23,388 परिवार लाभान्वित होंगे, जो वर्षों से इस जमीन पर कब्जे में रह रहे थे, लेकिन उन्हें अब तक कानूनी अधिकार नहीं मिल पाया था।
नगर निगम की मेयर शैलजा सचदेवा ने जानकारी देते हुए कहा कि अब इन परिवारों को राहत मिलेगी। निगम प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि जिनका लंबे समय से इस जमीन पर कब्जा है, उन्हें अब संपत्ति प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
मेयर ने बताया कि इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लालडोरे क्षेत्र में रहने वाले लोग अब अपनी संपत्ति की कानूनी रजिस्ट्री करवा सकेंगे। इससे उनकी संपत्ति का बाजार मूल्य बढ़ेगा और वे बैंक से लोन जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, अंबाला शहर के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में रहने वाले ये 23,388 परिवार दशकों से लालडोरे जमीन पर बसे हैं। कानूनी अधिकार न होने के कारण वे अब तक अपनी संपत्ति को बेचने, खरीदने या बंधक रखने में असमर्थ थे।
मेयर शैलजा सचदेवा ने कहा कि यह कदम नगर निगम की बड़ी उपलब्धि है और इससे न केवल लोगों को राहत मिलेगी बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा—“इस बार दिवाली इन परिवारों के लिए बहुत खास होने वाली है।”
इसके लिए नगर निगम ने विशेष टीम का गठन किया है, जो दस्तावेजों की जांच और संपत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को पूरा करेगी। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा ताकि सभी पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सके।
Akhil Mahajan