पहाड़ों में बर्फबारी बारिश ने हरियाणा में बढ़ाई ठंड, कोहरे से निजात के आसार!

हरियाणा में नए साल के दूसरे दिन कड़ाके की ठंड पड़ी। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। नारनौल सबसे ठंडा रहा। 12 जिलों में कोल्ड डे और कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

पहाड़ों में बर्फबारी बारिश ने हरियाणा में बढ़ाई ठंड, कोहरे से निजात के आसार!
  • हरियाणा में नए साल के दूसरे दिन कड़ाके की ठंड
  • औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट
  • 12 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे की स्थिति


चंडीगढ़। हरियाणा में नए साल के दूसरे दिन ठंड का असर और तेज दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। औसत न्यूनतम तापमान में बीते दिन की तुलना में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक बना हुआ है।

रात के तापमान की बात करें तो हिसार में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं सिरसा में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके उलट नारनौल (महेंद्रगढ़) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यहां बीते 24 घंटों में तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

प्रदेश में आज कोहरे के साथ कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। इसका मतलब है कि अब रात ही नहीं, बल्कि दिन में भी ठंड का असर बढ़ेगा। नए साल के दिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र दिन के समय सबसे ठंडे शहर रहे। इसके अलावा प्रदेश के 15 शहरों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

सुबह के समय सोनीपत, पलवल सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

इससे पहले गुरुवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान भिवानी में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। उस दौरान भी नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 2 से 7 जनवरी तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। 3 और 4 जनवरी को कई स्थानों पर घना कोहरा और कुछ इलाकों में शीतलहर जारी रहने की संभावना है। 5 जनवरी के बाद कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन धुंध का असर बना रहेगा