कोहरे का कहर: जनजीवन प्रभावित, 16 जिलों में ऑरेंज और 6 में यलो अलर्ट, सड़क- रेल यातायात सब प्रभावित
हरियाणा में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ है। 16 जिलों में ऑरेंज और 6 में यलो अलर्ट जारी किया गया है। सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा है।
- हरियाणा में घना कोहरा, कई इलाकों में विजिबिलिटी जीरो तक पहुंची
- 16 जिलों में ऑरेंज और 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी
- सड़क और रेल यातायात प्रभावित, 20 दिसंबर से बदलेगा मौसम
हरियाणा में घने कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जिलों में विजिबिलिटी जीरो तक पहुंच गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर सीधा असर पड़ा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के 16 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट की जद में पंचकूला, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिले शामिल हैं। इसके अलावा हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ और चरखीदादरी में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
कोहरे के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। हिसार में किसान एक्सप्रेस करीब 50 मिनट की देरी से चल रही है। रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस 44 मिनट और श्रीगंगानगर-दिल्ली एक्सप्रेस 52 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट बताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद हरियाणा और चंडीगढ़ में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। आईएमडी ने बताया है कि 20 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा।
प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। औसत अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सिरसा में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पानीपत के उझा और जींद के पांडु पिंडारा क्षेत्रों में दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई। रोहतक में 4.9 डिग्री और जींद में रिकॉर्ड 7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा है।
Author1