यमुना, मारकंडा-घग्गर उफान पर: 3 नेशनल हाईवे पानी में डूबे, ट्रेनों पर भी असर, 8 जिलों में आफत
हरियाणा में लगातार बारिश से हालात बिगड़े। यमुना, घग्गर, मारकंडा और टांगरी नदियां उफान पर हैं। हिसार में सिंघवा माइनर टूटा, हाईवे पर पानी भर गया। कई जिलों में स्कूल बंद और मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया।
➤ हरियाणा में यमुना, घग्गर, मारकंडा, टांगरी नदियां ओवरफ्लो
➤ हिसार में सिंघवा माइनर टूटा, हाईवे पर भरा पानी
➤ कई जिलों में स्कूल बंद, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हरियाणा में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश की प्रमुख नदियां यमुना, घग्गर, मारकंडा और टांगरी ओवरफ्लो हो रही हैं, जिससे कई गांव जलमग्न हो चुके हैं। यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज के फ्लड गेट लगातार पांच दिन से खुले हुए हैं और यहां से प्रतिदिन एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है।
पंचकूला, हिसार, रोहतक और झज्जर जिले में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, वहीं फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और फरीदाबाद के कुछ स्कूलों में भी ताले जड़ दिए गए हैं।
हिसार जिले में सिंघवा माइनर टूटने से पानी तेजी से गांव खानपुर की ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा तीन राष्ट्रीय राजमार्गों पर पानी भर गया है। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-52 पर गांव बिचपड़ के पास, कोटपूतली-बठिंडा नेशनल हाईवे-148बी और दिल्ली-हिसार नेशनल हाईवे-9 पर भैणी महाराजपुर और मुंढाल के पास दो फीट तक पानी जमा हो गया है।
सिरसा जिले के केलनिया-झोड़नाली इलाके में घग्गर नदी के ओवरफ्लो होने से दो एकड़ फसल डूब गई है। वहीं, कुरुक्षेत्र में इस्माइलाबाद के नैसी गांव में देर रात मारकंडा नदी का तटबंध टूट गया। अंबाला में टांगरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे 15 कॉलोनियों और इंडस्ट्रियल एरिया में पानी भर गया है।
मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
उधर, जम्मू कश्मीर और पंजाब में बाढ़ के चलते आठ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें से अधिकतर ट्रेनें हरियाणा के सिरसा और हिसार से गुजरते हुए राजस्थान और गुजरात तक जाती थीं। रेलवे ने इन्हें 15 अक्तूबर तक रद्द करने का निर्णय लिया है।