पीएम मोदी आएंगे कुरुक्षेत्र, गीता महोत्सव बनेगा देश-विदेश का केंद्र
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की कि 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 15 नवंबर से 6 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में होगा। इस बार 16 देशों के विद्वान शामिल होंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कार्यक्रम में भाग लेंगे।
➤ 15 नवंबर से शुरू होगा 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, 6 दिसंबर तक चलेगा आयोजन
➤ 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे कुरुक्षेत्र आगमन
➤ 16 देशों के विद्वान होंगे शामिल, विदेशों में भी गूंजेगी गीता जयंती की वाणी
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव इस वर्ष 15 नवंबर से 6 दिसंबर तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष गीता का ज्ञान दिए हुए 5163 साल पूरे हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि गीता महोत्सव का उद्देश्य गीता के संदेश को विश्वभर में प्रसारित करना है ताकि हर व्यक्ति इससे प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ सके।
सीएम नायब सैनी ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि इस बार महोत्सव में मध्य प्रदेश सहयोगी राज्य रहेगा और 16 देशों के विद्वान इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि टोक्यो में भी गीता जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जो दर्शाता है कि आज गीता का ज्ञान वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर दिन ब्रह्मसरोवर पर भव्य गीता महाआरती की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न भाषाओं में श्रीमद्भागवत की प्रदर्शनी, गीता प्रतियोगिताएं और पुस्तक मेला भी आयोजित होंगे। बलराम कुश्ती दंगल, भजन संध्या और दीपोत्सव जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन पूरे 21 दिनों तक वातावरण को आध्यात्मिकता से भर देंगे।
मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक होंगे। इनमें गीता यज्ञ, गीता पूजन, अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार, सर्वधर्म सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे। एक दिसंबर को ज्योतिसर में वैश्विक गीता पाठ, 48 कोस तीर्थ सम्मेलन, सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव और ब्रह्मसरोवर पर दीपदान के साथ महोत्सव अपने शिखर पर पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार विदेश मंत्रालय की पहल से 40 से अधिक देशों में गीता जयंती के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें गीता पाठ, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। कुरुक्षेत्र में होने वाले सभी मुख्य आयोजनों का लाइव प्रसारण विश्वभर में किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रयासों से 15 से अधिक देशों के 25 स्कॉलर भारत आएंगे, जो गीता के संदेश को अपने-अपने देशों तक पहुंचाएंगे।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव से पहले 4 से 14 नवंबर तक ऑनलाइन गीता क्विज का आयोजन होगा और 15 नवंबर को गीता रन से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा का उत्सव है। इसमें शामिल होकर हर व्यक्ति आध्यात्मिक ऊर्जा और जीवन का मार्गदर्शन पा सकता है।
Author1