दहेज के लालचियों को करारा जवाब: लड़के वालों ने दहेज में मांगी कार, दुल्हन के पिता ने खिलौने वाली गाड़ी देकर तोड़ा रिश्ता

मेरठ में दहेज में कार की मांग पर दुल्हन के पिता ने लड़के वालों को खिलौना कार थमा दी। तीन बीघा जमीन बेचने के बाद उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।

दहेज के लालचियों को करारा जवाब: लड़के वालों ने दहेज में मांगी कार, दुल्हन के पिता ने खिलौने वाली गाड़ी देकर तोड़ा रिश्ता

➤ दो बेटियों की शादी के लिए पिता ने बेची थी तीन बीघा पैतृक जमीन, मिले थे 40 लाख रुपये

➤ लड़के वालों ने दहेज में मारुति फ्रॉन्क्स कार की मांग रखी, समझाने पर भी नहीं माने

➤ रिश्ते की रस्म के लिए बुलाकर पिता ने थमाई पीली खिलौना कार, फिर रिश्ता तोड़ने का किया ऐलान


  बेटियों की शादी को यादगार बनाने के लिए पिता ने अपनी पैतृक जमीन तक बेच दी, लेकिन जब लड़के वालों की दहेज की मांग पूरी करने की बारी आई तो उन्होंने कार की जिद पकड़ ली। आखिरकार पिता ने भी ऐसा जवाब दिया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। शादी की तारीख तय करने और रस्म पूरी करने पहुंचे लड़के वालों को लड़की के पिता ने असली कार की जगह पीले रंग की खिलौना कार थमा दी और रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। उत्तर प्रदेश के मेरठ में सामने आए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव का है। यहां बब्बर ने करीब पांच महीने पहले अपनी दो बेटियों की शादी भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी शमशेर के दो बेटों महताब और फैज के साथ तय की थी। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत आगे बढ़ चुकी थी। सगाई के दौरान लड़की वालों की तरफ से 71 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी दिया गया था।

बेटियों की शादी के लिए बेच दी थी पैतृक जमीन

जानकारी के मुताबिक, बब्बर अपनी दोनों बेटियों की शादी की तैयारियों में जुटे थे। शादी का खर्च जुटाने के लिए उन्होंने करीब 10 दिन पहले अपनी तीन बीघा पैतृक जमीन 40 लाख रुपये में बेच दी थी। परिवार बेटियों की शादी अच्छे तरीके से करने की तैयारी कर रहा था।

बताया गया है कि लड़के वालों को जमीन बेचने की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उन्होंने दहेज में मारुति फ्रॉन्क्स कार की मांग रख दी। लड़की वालों ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताते हुए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़के पक्ष के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।

कार की जिद के आगे पिता ने लिया बड़ा फैसला

लगातार कार की मांग से परेशान होकर बब्बर ने आखिरकार रिश्ता खत्म करने का निर्णय लिया। उन्होंने लड़के वालों को उनकी मांग का जवाब अपने ही अंदाज में देने की योजना बनाई।

शनिवार को लाल खत की रस्म के बहाने लड़के पक्ष के लोगों को लड़की वालों ने अपने घर बुलाया। बताया गया कि लड़के वाले सुबह से ही इंतजार करते रहे और रात करीब 10 बजे बब्बर तथा बाबा जाकिर ने शमशेर को पीले रंग की खिलौना स्कॉर्पियो कार सौंप दी।

असली कार की जगह थमा दी खिलौना गाड़ी

खिलौना कार देते हुए लड़की के पिता ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इंसान नहीं, बल्कि कार चाहिए थी, इसलिए कार दे दी गई है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।

लड़के पक्ष के लोग इस व्यवहार से नाराज हो गए। उन्होंने खिलौना कार फेंक दी और वहां से वापस लौट गए। इसके साथ ही लड़की के पिता ने रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया।

इलाके में चर्चा का विषय बना मामला

इस घटनाक्रम के बाद सौलाना गांव और आसपास के इलाकों में इसकी चर्चा हो रही है। दहेज की मांग के सामने झुकने के बजाय रिश्ता तोड़ने के लड़की के पिता के फैसले को लोग सराह रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर शादी-विवाह में दहेज की मांग और परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को चर्चा में ला दिया है। बेटियों की शादी के लिए पैतृक संपत्ति तक बेचने वाले पिता के सामने जब कार की मांग रखी गई तो उन्होंने समझौता करने के बजाय रिश्ता खत्म करना बेहतर समझा।