करनाल में 8वीं के छात्र को टीचर ने लोहे के स्केल से पीटा, गंभीर चोटें
करनाल के एक निजी स्कूल में मैथ्स टीचर ने 8वीं के छात्र को लोहे के स्केल से पीटा और उसके हिप्स, कान व गर्दन पर चोटें आईं। परिजनों ने शिकायत दी, पुलिस ने जांच शुरू की।
• करनाल में मैथ्स टीचर ने 8वीं के छात्र को लोहे के स्केल से पीटा
• छात्र के हिप्स, कान, गर्दन और उंगली पर चोटें, मेडिकल में पुष्टि
• परिजनों की पुलिस में शिकायत, दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया
हरियाणा के करनाल जिले में एक निजी स्कूल के मैथ्स टीचर द्वारा 8वीं कक्षा के छात्र को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। छात्र का आरोप है कि टीचर ने उसे लोहे के स्केल से कई बार मारा, जिसके निशान उसके हिप्स, कान और गर्दन पर साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद बच्चा किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों ने उसकी हालत देखकर तुरंत उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मेडिकल में चोटों की पुष्टि हुई।
मामला गांव पुंडरी का है। 14 वर्षीय छात्र एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है, जो घरौंडा क्षेत्र में कल्हेड़ी गांव के पास बरसत रोड पर स्थित है। बुधवार को स्कूल प्रबंधन ने तीन कक्षाओं को एक साथ बैठा दिया था। इन कक्षाओं को मैथ्स टीचर प्रवीन कुमार संभाल रहे थे। छात्र ने बताया कि क्लास में शोर होने पर शिक्षक गुस्सा हो गए और किसी अन्य बच्चे ने उसका नाम लेकर उसे दोषी बता दिया। इसी बात पर टीचर उसे टारगेट करते हुए लोहे के स्केल से लगातार मारते रहे।
छात्र के अनुसार, वह दर्द से तड़पता रहा, लेकिन टीचर रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। इसी दौरान उसके हिप्स पर कई वार किए गए, साथ ही गर्दन और हाथ की उंगली पर भी चोट आ गई। बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा और लंगड़ाते हुए चल रहा था। उसके चाचा मोहित कुमार त्यागी ने बताया कि जब उन्होंने भतीजे के हिप्स चेक किए तो उस पर चोटों के गहरे निशान दिखाई दिए। मेडिकल करवाने पर इन चोटों की पुष्टि हो गई।
जब घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई तो उनके नंबर पर कई बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं किया गया और न ही कॉल बैक आया।
खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र कुमार ने मामले को गंभीर बताया और कहा कि बच्चे को इस तरह मारना गलत है, स्कूल से बात की जाएगी और परिवार की शिकायत पर कार्रवाई होगी।
अभिभावक एकता मंच भी इस मामले में सामने आया है। मंच के उपाध्यक्ष गगनदीप का कहना है कि बच्चे के साथ अत्यंत गलत हुआ है और ऐसे स्कूलों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मामले की शिकायत घरौंडा थाना में दर्ज की गई है। जांच अधिकारी ASI सत्यवान के अनुसार, यूनिवर्सल अकादमी स्कूल के टीचर प्रवीन कुमार के खिलाफ मारपीट की शिकायत मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी और इसके बाद अगले कदम उठाए जाएंगे।
Author1