शादी में जा रहे तीन दोस्तों की कार कैंटर से टकराई, दो की मौत; 15 वर्षीय युवक गंभीर

हांसी के मुंढाल फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कैंटर से कार टकराने पर शादी में जा रहे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक 15 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।

शादी में जा रहे तीन दोस्तों की कार कैंटर से टकराई, दो की मौत; 15 वर्षीय युवक गंभीर

➤ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे तीन दोस्त
➤ गलत दिशा में लौटते वक्त तेज रफ्तार कैंटर ने मारी टक्कर
➤ दो युवकों की मौके पर मौत, एक PGI रोहतक रेफर


हिसार जिले के हांसी क्षेत्र में मुंढाल फ्लाईओवर के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। महम के गांव फरमाना खास में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन दोस्तों की कार तेज रफ्तार कैंटर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झज्जर जिले के तीनों युवक महम में अपने एक मित्र के चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए निकले थे। रास्ता भटकने के कारण वे गलती से हिसार की ओर चले गए। जब उन्हें मुंढाल फ्लाईओवर के पास गलत दिशा में जाने का अहसास हुआ, तभी मुंढाल गौशाला के नजदीक हिसार की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद रोहतक की ओर से आ रही एक सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल की हालत गंभीर, PGI रोहतक रेफर

घायल युवक की पहचान रोहतक निवासी 15 वर्षीय तुषार के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले हिसार और फिर रोहतक PGI रेफर कर दिया गया।

झज्जर जिले के रहने वाले थे मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान झज्जर के गांव सिलोनी निवासी 29 वर्षीय विकास और झज्जर निवासी 30 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विकास दो छोटे बच्चों का पिता था, जबकि सचिन का दो महीने का मासूम बेटा है। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

कैंटर चालक पर केस दर्ज

सूचना मिलते ही सोराखी चौकी से जांच अधिकारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए हांसी सामान्य अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।