सुशील गुप्ता का बड़ा बयान: “हरियाणा में AAP ही BJP का विकल्प”

तरणतारण उपचुनाव जीत पर पानीपत में AAP कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नहीं, AAP ही BJP का मजबूत विकल्प बन सकती है।

सुशील गुप्ता का बड़ा बयान: “हरियाणा में AAP ही BJP का विकल्प”


➤ पंजाब के तरनतारण उपचुनाव जीत पर पानीपत में AAP कार्यकर्ताओं का उत्साह
➤ प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता बोले—कांग्रेस नहीं, AAP ही BJP का विकल्प
➤ हरियाणा में कानून-व्यवस्था, शिक्षा-स्वास्थ्य पर AAP का बड़ा हमला



पंजाब के तरणतारण उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत का जश्न हरियाणा के पानीपत में भी देखने को मिला। जिले के आप कार्यकर्ताओं ने इकट्ठे होकर जीत की खुशी में लड्डू बांटे और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

इस मौके पर वरिष्ठ उप प्रदेशाध्यक्ष सुरेन्द्र अहलावत, लोकसभा अध्यक्ष अजय सिंगला, जिला सचिव योगेश कौशिक, वरिष्ठ नेता जितेंद्र जुनेजा, नरेंद्र जेसिया, सुखबीर मलिक, संदीप प्रजापत, विकास अग्रवाल, शमशेर भल्ला, राजन मुंडे, युवा अध्यक्ष मनीष मराठा और डॉ. हरपाल सिंह मौजूद रहे।

इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने प्रेस वार्ता करके कहा कि चुनाव परिणाम साफ बताते हैं कि बीजेपी को हराना अब कांग्रेस के बस की बात नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ही बीजेपी का वास्तविक विकल्प बन सकती है और उसके सामने मजबूती से लड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि तरणतारण उपचुनाव, इससे पहले लुधियाना उपचुनाव और गुजरात की विश्वादर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम इस बात के प्रमाण हैं कि आम आदमी पार्टी बीजेपी को चुनौती देने में सक्षम है। तरनतारण में AAP ने कांग्रेस और बीजेपी को क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर धकेल दिया।

सुशील गुप्ता ने कहा कि बिहार चुनाव परिणाम भी दर्शाते हैं कि देश की जनता कांग्रेस के नेतृत्व को बीजेपी के मुकाबले अब प्रभावी विकल्प नहीं मानती। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता भविष्य में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व पर आशा भरी निगाहें लगाए हुए है।

हरियाणा की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है, चिकित्सा और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सिर्फ आम आदमी पार्टी ही सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है, बाकी विपक्ष पूरी तरह गायब है।

अंत में उन्होंने जोर देकर कहा कि हरियाणा में आप ही भाजपा का विकल्प बन सकती है