भिवानी कोर्ट गोलीकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद में पुलिस से मुठभेड़

भिवानी कोर्ट परिसर में युवक पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने फतेहाबाद से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो को CIA भिवानी में लाया गया। डीएसपी अनूप कुमार ने प्रेसवार्ता कर खुलासा किया।

भिवानी कोर्ट गोलीकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद में पुलिस से मुठभेड़

✔️ भिवानी कोर्ट गोलीकांड में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार
✔️ फतेहाबाद मुठभेड़ में आरोपी रोहित के पैर में लगी गोली, अवैध हथियार बरामद
✔️ एसपी सुमित कुमार बोले – अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी

भिवानी कोर्ट परिसर गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने अधिवक्ताओं के चेंबर के पास चाय की दुकान पर हुई गोलीबारी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो को तोशाम बाईपास भिवानी से और एक को फतेहाबाद के गांव करनौली से दबोचा गया।

डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने जानकारी दी कि 04 सितंबर 2025 को दिनोद गांव निवासी कुछ व्यक्ति अपनी पेशी पर न्यायालय में आए हुए थे। लंच के समय वे अधिवक्ताओं के चेंबर के पास चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी तीन युवक वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी। इस घटना में लवजीत पुत्र रमेश निवासी मोखरा जिला रोहतक गोली लगने से घायल हो गया। उसे पहले सामान्य अस्पताल भिवानी और बाद में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भिवानी सुमित कुमार के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं। सीआईए स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 सितंबर को दो आरोपियों – मोनू पुत्र सुभाष निवासी बृजवासी कॉलोनी भिवानी और नवीन पुत्र रामपाल निवासी काकडोली हुक्मी, चरखी दादरी को गिरफ्तार कर लिया। मोनू पहले भी लड़ाई-झगड़े व डकैती के मामलों में आरोपी रह चुका है और जमानत पर था। वहीं नवीन का गांव में मेडिकल स्टोर है और वह वारदात की रैकी व योजना बनाने में शामिल था।

उधर, सीआईए इंचार्ज रविंद्र कुमार की टीम ने रात में फतेहाबाद के करनौली गांव से रोहित पुत्र पूर्ण चंद निवासी रगड़ीखेड़ा, सिरसा (हाल निवासी प्रीत नगर सिरसा) को पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर जवाबी कार्रवाई में रोहित के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए सामान्य अस्पताल फतेहाबाद और बाद में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। आरोपी से एक अवैध हथियार भी बरामद हुआ।

पुलिस का कहना है कि मोनू और नवीन को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

एसपी सुमित कुमार ने कहा कि भिवानी में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधियों के खिलाफ सख्त व प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।