गुरुग्राम में वीडियो वायरल होने पर टैक्सी ड्राइवर पर FIR:आरोपी और उसके साथी की तलाश

गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड टैक्सी चलाने और रोड रेज के मामले में वायरल वीडियो के बाद दिल्ली पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज की है

गुरुग्राम में वीडियो वायरल होने पर टैक्सी ड्राइवर पर FIR:आरोपी और उसके साथी की तलाश

द्वारका एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड टैक्सी का वीडियो वायरल
दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ड्राइवर की पहचान की
नशे में ड्राइविंग और गाली-गलौज का आरोप, साथी की तलाश जारी


गुरुग्राम-दिल्ली के बीच स्थित द्वारका एक्सप्रेसवे पर रोड रेज की एक खतरनाक घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। यशोभूमि राउंडअबाउट के पास रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही टैक्सी ने आम लोगों की जान जोखिम में डाल दी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान भी कर ली है और उसकी तलाश तेज कर दी है।घटना 28 मार्च की सुबह करीब 3:50 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में साफ देखा गया कि टैक्सी चालक गलत दिशा में गाड़ी चलाते हुए सामने से आ रहा था, जिससे आमने-सामने की टक्कर का खतरा पैदा हो गया। सामने से आ रहे वाहन चालक को अचानक ब्रेक लगानी पड़ी और बड़ी दुर्घटना टल गई।

डैशकैम में कैद इस घटना में यह भी सामने आया कि जब पीड़ित ड्राइवर ने टैक्सी को रोका, तो उसमें सवार लोगों ने गाली-गलौज की और कथित तौर पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि पीड़ित किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहा। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद कार्रवाई की।द्वारका एक्सप्रेसवे पर यशोभूमि राउंड अबाउट के पास अचानक एक टैक्सी रॉन्ग साइड से आई और टक्कर होने से बच गई।

पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत केस दर्ज किया है, जो लापरवाही और खतरनाक ड्राइविंग से जुड़ी है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर छह महीने तक की सजा, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर और उसके साथी की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। द्वारका एक्सप्रेसवे पर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सड़क सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।गुरुग्राम में एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड में आया टैक्सी ड्राइवर गाली गलौज करते हुए। - Dainik Bhaskar