हिमाचल :देहरा में स्टंटबाजी पड़ी भारी, हरियाणा नंबर की कार पर ₹3500 का चालान।

कांगड़ा के देहरा में हनुमान चौक पर खतरनाक स्टंटबाजी करने वाली हरियाणा नंबर की कार का पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता लगाकर ₹3500 का चालान किया।

हिमाचल :देहरा में स्टंटबाजी पड़ी भारी, हरियाणा नंबर की कार पर ₹3500 का चालान।

देहरा के हनुमान चौक पर कार सवारों की खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया

महिला बोनट और छत पर बैठी, जबकि एक युवक सनरूफ से बाहर निकलकर करता रहा सफर

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हरियाणा नंबर की कार का ₹3500 का चालान किया

कांगड़ा जिले के देहरा में सड़क पर स्टंटबाजी करना एक कार चालक को भारी पड़ गया। व्यस्त हनुमान चौक पर यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन का ₹3500 का चालान किया है।

जानकारी के अनुसार एक हरियाणा नंबर की कार (HR98T-12) में सवार लोग सड़क पर खतरनाक तरीके से सफर कर रहे थे। कार के बोनट और छत पर एक महिला बैठी हुई थी, जबकि एक अन्य युवक वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर यात्रा कर रहा था।

व्यस्त बाजार और चौक क्षेत्र में इस तरह की स्टंटबाजी न केवल वाहन में सवार लोगों के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती थी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस हरकत को गैर-जिम्मेदाराना बताया।

मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक कार लेकर वहां से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

इसके बाद देहरा पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की गई और उसे ट्रेस कर लिया गया।

वाहन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹3500 का चालान काट दिया। पुलिस ने लोगों से सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।