हरियाणा कैबिनेट मीटिंग आज, पांच एजेंडों पर चर्चा

हरियाणा कैबिनेट की बैठक आज आयोजित होगी। पांच अहम एजेंडों पर चर्चा होगी। 6 जिलों के गांवों की अदला-बदली, विधायकों के भत्तों और विधानसभा के विंटर सेशन पर निर्णय संभव।

हरियाणा कैबिनेट मीटिंग आज, पांच एजेंडों पर चर्चा

हरियाणा कैबिनेट मीटिंग आज दोपहर बाद आयोजित

पांच अहम एजेंडे रखे जाएंगे, विधायकों को राहत देने वाला फैसला संभव

6 जिलों के गांवों की अदला-बदली और विंटर सेशन डेट पर भी चर्चा


चंडीगढ़। हरियाणा की कैबिनेट बैठक आज दोपहर बाद आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। बैठक में कुल पांच बड़े एजेंडे रखे जाएंगे। माना जा रहा है कि सरकार विधायकों को राहत देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है। इसमें दूसरे राज्यों की यात्रा पर जाने वाले विधायकों को होटल में ठहरने की संशोधित दरों पर मंजूरी दी जा सकती है। प्रस्ताव के अनुसार विधायकों को एक दिन के लिए 5000 रुपए दिए जाएंगे।

बैठक में इस महीने प्रस्तावित हरियाणा विधानसभा सत्र की तारीख तय की जाएगी। संभावना है कि विंटर सेशन 26 दिसंबर से शुरू होकर 30 या 31 दिसंबर तक चलेगा

कैबिनेट मीटिंग में 6 जिलों के गांवों की अदला-बदली पर भी चर्चा होगी। प्रस्तावों के अनुसार नारनौल, रेवाड़ी, यमुनानगर, फरीदाबाद, सिरसा और झज्जर जिलों के कई गांवों को एक उप-तहसील या तहसील से दूसरी में स्थानांतरित किया जाएगा। मंत्रिमंडल इस प्रस्ताव को मंजूरी देगा।

बैठक में हरियाणा मोटर वाहन नियमों में संशोधन भी किए जाएंगे। इसके तहत पर्यटन परमिट वाहनों की आयु सीमा निर्धारित की जाएगी ताकि सड़क हादसों को कम किया जा सके।

मंत्रिमंडल की बैठक में हरियाणा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2006 में संशोधन प्रस्ताव भी शामिल है। इसके माध्यम से डिजाइन, नवाचार और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गुरुग्राम सेक्टर 68 में स्थापित किया जाएगा। इसी अधिनियम के तहत पूर्व में 17 निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी मिली थी।

सूत्रों के अनुसार, फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी, जिस पर आतंकी गतिविधियों के केंद्र होने के आरोप लगे थे, को भी इसी अधिनियम संशोधन के तहत मंजूरी दी गई थी, इसलिए संशोधन प्रस्ताव पर गंभीर चर्चा की संभावना है।