थाने के सामने कांग्रेस MLA ऑफिस पर फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
रोहतक के महम में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना थाने के सामने हुई। पुलिस जांच में जुटी है।
➤ महम थाने के सामने स्थित कांग्रेस विधायक कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग
➤ बाइक सवार हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार
➤ दरवाजों और शीशों में फंसी मिलीं गोलियां, इलाके में फैली दहशत
हरियाणा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। रोहतक जिले के महम कस्बे में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने कार्यालय को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित लोगों और पुलिस को दी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि विधायक का कार्यालय महम थाने के ठीक सामने स्थित है। इसके बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहे। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस विधायक बलराम दांगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दरवाजों और शीशों में फंसी मिलीं गोलियां
पुलिस जांच के दौरान कार्यालय के दरवाजों और शीशों पर गोली लगने के निशान मिले। कई गोलियां दरवाजों और कांच में फंसी हुई पाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और हमलावरों का मकसद क्या था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan