पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन, 11 दिन वेंटिलेटर पर लड़ते रहे जिंदगी की जंग

पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन हो गया। वह 11 दिन से मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। 27 सितंबर को एक्सीडेंट के बाद रीढ़ और दिमाग में गंभीर चोट लगी थी। बुधवार सुबह 10:55 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। शव को जगराओं स्थित गांव पौना ले जाया जाएगा।

पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन, 11 दिन वेंटिलेटर पर लड़ते रहे जिंदगी की जंग

पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा (35) का निधन, 11 दिन से मोहाली फोर्टिस अस्पताल में थे वेंटिलेटर पर
27 सितंबर को बाइक एक्सीडेंट में लगी थी गंभीर चोट, रीढ़ और दिमाग को हुआ था नुकसान
फैंस और सेलेब्स अस्पताल पहुंचे, शव को पैतृक गांव जगराओं के पौना ले जाया जाएगा



पंजाबी सिंगर और एक्टर राजवीर जवंदा (35) का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में आखिरी सांस ली। जवंदा पिछले 11 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। अस्पताल प्रशासन ने दोपहर करीब 12:30 बजे उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की।

अस्पताल के बाहर मीडिया और पुलिसकर्मियों की भीड़।

फोर्टिस अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में बताया गया कि जवंदा को 27 सितंबर को सड़क दुर्घटना के बाद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी और मस्तिष्क को गहरी चोटें आई थीं। लगातार इलाज और निगरानी के बावजूद उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते 8 अक्टूबर सुबह 10:55 बजे उनकी मृत्यु हो गई।

पंजाबी सिंगर-एक्टर एमी विर्क ने बताया कि जवंदा के शव को जल्द ही लुधियाना जिले के जगराओं स्थित उनके पैतृक गांव पौना ले जाया जाएगा, जहां कल अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ बढ़ रही है।

निधन की खबर मिलते ही मोहाली पुलिस ने अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी, क्योंकि फैंस और कलाकारों की भीड़ जमा होने लगी। अस्पताल के बाहर मीडिया, पुलिसकर्मी और प्रशंसकों की भारी मौजूदगी है।

फोर्टिस अस्पताल ने अपने बयान में कहा,

“27 सितंबर, 2025 को सड़क दुर्घटना के बाद राजवीर जवंदा को अत्यंत गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। रीढ़ की हड्डी और ब्रेन में गंभीर चोट थी। बड़े मेडिकल सपोर्ट और क्रिटिकल केयर टीम की लगातार निगरानी के बावजूद, 8 अक्टूबर की सुबह 10:55 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।”

सिंगर के निधन पर पूरे पंजाब में शोक की लहर है। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, पंजाबी गायक प्रेम ढिल्लों, और एक्टर गुरप्रीत घुग्गी ने सोशल मीडिया पर शोक जताया।

गुरप्रीत घुग्गी ने लिखा — “जवंदा हार गया... पूरे पंजाब का नुकसान है।”
सिंगर बी.एन. शर्मा ने कहा, “सभी दुआ कर रहे थे कि वह ठीक हो जाएं, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।”

एक्सीडेंट की पूरी घटना:
27 सितंबर को बाइक राइडिंग के दौरान बद्दी से शिमला जाते वक्त पिंजौर में राजवीर जवंदा का एक्सीडेंट हुआ था। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल लाते वक्त हार्ट अटैक भी हुआ। इसके बाद उन्हें फोर्टिस मोहाली में भर्ती किया गया, जहां वह लगातार वेंटिलेटर पर रहे।

अब उनके निधन के बाद फैंस लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं और सोशल मीडिया पर #RajvirJawanda ट्रेंड कर रहा है।