ऑनर किलिंग के आरोपियों की बाजार में परेड: गोलियां मारकर बहन की हत्या करने वाले चारों आरोपियों की टांगों में प्लास्टर, हाथों में हथकड़ियां...
रोहतक में ऑनर किलिंग के चार आरोपियों की पुलिस ने बाजार में परेड कराई। सपना हत्याकांड में मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपियों को 500 मीटर पैदल घुमाया गया।
रोहतक में ऑनर किलिंग केस के 4 आरोपी पुलिस परेड में 500 मीटर पैदल घुमाए गए
पैरों में प्लास्टर, हाथों में हथकड़ी; PGI से छुट्टी मिलते ही जुलूस निकाला
सपना की घर में घुसकर हत्या, देवर को गोली; परिवार की इज्जत के ताने थे वजह
हरियाणा के रोहतक में ऑनर किलिंग के चार आरोपियों की पुलिस ने बाजार में परेड कराई। करीब 500 मीटर तक आरोपियों को लंगड़ाते हुए पैदल घुमाया गया। आरोपियों की टांगों पर प्लास्टर बंधा हुआ था और हाथों में हथकड़ियां लगी थीं। यह परेड सुखपुरा चौक के पास निकाली गई।
चारों आरोपी हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर PGI में भर्ती थे। इलाज के बाद छुट्टी मिलते ही पुलिस ने सोमवार को इन्हें बाजार में जुलूस के रूप में पेश किया। पुलिस दोपहर बाद इन्हें कोर्ट में पेश करेगी।
मामला तीन साल पुरानी लव मैरिज से जुड़ा है। रोहतक के गांव काहनी की 22 वर्षीय सपना ने गांव के ही सूरज के साथ घर वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद दोनों परिवारों में विवाद गहरा गया। सपना के परिवार को गांव में ताने सुनने पड़े, जिससे परिजनों में काफी नाराजगी थी।
तानों और बदनामी से परेशान होकर सपना के भाई संजू ने अपने साथियों के साथ हत्या की साजिश रची। कई बार प्रयास के बावजूद वह सफल नहीं हुआ। 19 नवंबर की देर रात संजू और उसके साथी घर में घुसे और सपना को गोली मार दी। सपना के देवर साहिल को भी पेट में गोली लगी।
हत्या की रात गलती यह हुई कि रेकी करने वाले आरोपी ने सूरज के ऑटो को घर के बाहर खड़ा देखा और यह मान लिया कि सूरज और सपना दोनों घर के अंदर ही हैं। आरोपी इसी गलतफहमी में घर में घुसे। सपना घर पर थी, लेकिन सूरज ऑटो बदलकर बाहर गया हुआ था और बच गया।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद संजू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट से रिमांड मांगा जा सकता है।
Author1