फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी में सीएम नायब सैनी ने लगाई दौड़, 20 हजार लोग शामिल, विभिन्‍न जिलों में कार्यक्रम

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर युवाओं के साथ 1.5 किमी दौड़ लगाई। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। वहीं दो चेयरमैन को सीएम मंच पर जगह नहीं मिली। पंचकूला में मंत्री आरती राव ने भी दौड़ लगाई।

फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी में सीएम नायब सैनी ने लगाई दौड़, 20 हजार लोग शामिल,  विभिन्‍न जिलों में कार्यक्रम

➤ फतेहाबाद में सीएम नायब सैनी ने लगाई 1.5 KM दौड़
➤ रन फॉर यूनिटी में 20 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
➤ दो चेयरमैन को सीएम सैनी के मंच पर नहीं मिली जगह


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार सुबह फतेहाबाद में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और युवाओं के साथ 1.5 किलोमीटर दौड़ लगाई। इस मौके पर सीएम ने दौड़ में शामिल प्रतिभागियों पर फूलों की वर्षा की और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन किया।

फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाते सीएम नायब सैनी।

यह दौड़ पंचायत भवन से शुरू होकर परशुराम चौक, एमसी कॉलोनी मोड़, लालबत्ती चौक, रतिया रोड से होते हुए एमएम कॉलेज मैदान तक पहुंची। करीब 20 हजार से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशासन की ओर से 76 स्कूलों के लगभग 10 हजार छात्रों को बुलाया गया था। इन छात्रों को लाने के लिए रोडवेज की विशेष बसें भेजी गई थीं।

फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी से पहले डांस करतीं छात्राएं।

कार्यक्रम में खेल विभाग के खिलाड़ी, रेडक्रॉस के स्वयंसेवक, कॉलेजों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। वहीं, कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प वाकया यह रहा कि हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा और एससी आयोग के चेयरमैन रविन्द्र बलियाला को सीएम सैनी के मंच पर जगह नहीं मिली। दोनों को मंच के नीचे ही खड़ा रहना पड़ा।

फतेहाबाद में सांस्कृतिक प्रस्तु़ति देतीं छात्राएं।

मंच पर केवल पूर्व विधायक दुड़ाराम, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, आईपीएस पंकज नैन, डीसी विवेक भारती और एसपी सिद्धांत जैन मौजूद रहे।

पंचकूला में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती राव।

मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा — “यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। पटेल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे, जिन्होंने रियासतों को जोड़कर अखंड भारत बनाया।”

सोनीपत में रन फॉर यूनिटी में युवाओं के साथ शामिल हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, मेयर राजीव जैन और खरखौदा के विधायक पवन।
सैनी ने सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और कहा कि यह दौड़ युवा शक्ति को अनुशासन और सहनशक्ति का संदेश देती है।

फतेहाबाद में भारत भूषण मिड्ढा और रविन्द्र बलियाला को सीएम के साथ मंच पर जगह नहीं मिली।

वहीं, पंचकूला में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी युवाओं के साथ रन फॉर यूनिटी में भाग लिया और उन्हें हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा सोनीपत में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मेयर राजीव जैन और विधायक पवन, करनाल में विधायक जगमोहन आनंद, नारनौल में कंवर सिंह यादव, फरीदाबाद में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, और हिसार में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

गुरुग्राम में आयोजित रन फॉर यूनिटी में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने प्रतिभागियों को एकता की शपथ दिलाई।