57 के हुए अजय देवगन, ‘फूल और कांटे’ से शुरू हुआ सुपरस्टारडम

अजय देवगन के 57वें जन्मदिन पर जानिए उनके 35 साल के करियर का सफर, डेब्यू फिल्म ‘फूल और कांटे’ से लेकर नेशनल अवॉर्ड और 100 करोड़ क्लब तक की पूरी कहानी।

57 के हुए अजय देवगन, ‘फूल और कांटे’ से शुरू हुआ सुपरस्टारडम

57 की उम्र में भी बॉक्स ऑफिस के बादशाह अजय देवगन
‘फूल और कांटे’ से ‘सिंघम’ तक 35 साल का शानदार सफर
नेशनल अवॉर्ड जीतकर साबित किया दमदार अभिनय का लोहा


अजय देवगन आज 57 साल के हो चुके हैं और बॉलीवुड में उनका 35 साल का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। साल 1991 में फिल्म ‘फूल और कांटे’ से डेब्यू करने वाले अजय ने अपनी पहली ही फिल्म में दो चलती बाइकों पर खड़े होकर ऐसी एंट्री की, जो आज भी इंडस्ट्री के सबसे आइकॉनिक सीन में गिनी जाती है। शुरुआत में उन्हें एक्शन हीरो के तौर पर देखा गया, लेकिन उन्होंने खुद को इस दायरे तक सीमित नहीं रखा और ‘जख्म’, ‘कंपनी’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय कर क्रिटिक्स को भी प्रभावित किया।

अजय देवगन का असली नाम विशाल वीरेंद्र देवगन है। उनका जन्म 2 अप्रैल 1969 को मुंबई में हुआ। वे फिल्मी परिवार से आते हैं, जहां उनके पिता वीरू देवगन मशहूर स्टंट डायरेक्टर और मां वीना प्रोड्यूसर थीं। बचपन से ही अजय का झुकाव फिल्मों की ओर था। 8-9 साल की उम्र में उन्होंने कैमरा और शूटिंग की समझ विकसित कर ली थी और किशोरावस्था तक छोटे-छोटे प्रोजेक्ट बनाने लगे थे।अजय देवगन की बचपन की एक तस्वीर है, जिसमें वे एक तेंदुए के शावक को गोद में लिए हुए नजर आते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों में आने से पहले उन्होंने अपना नाम बदल लिया। उस समय इंडस्ट्री में ‘विशाल’ नाम के कई नए कलाकार आ रहे थे, जिससे कन्फ्यूजन पैदा हो रहा था। इसी वजह से उनका नाम बदलकर अजय देवगन रखा गया।

उनका फिल्मी करियर भी एक दिलचस्प मोड़ से शुरू हुआ। पिता चाहते थे कि वे एक्टर बनें, लेकिन अजय फिल्ममेकिंग में रुचि रखते थे। जब उन्हें ‘फूल और कांटे’ ऑफर हुई, तो उन्होंने शुरुआत में मना कर दिया, लेकिन बाद में पिता और डायरेक्टर के कहने पर उन्होंने फिल्म साइन की और यहीं से उनका करियर बदल गया।

अजय की पहली फिल्म की रिलीज भी किसी बड़े जोखिम से कम नहीं थी। ‘फूल और कांटे’ उसी दिन रिलीज हुई थी, जिस दिन यश चोपड़ा की बड़ी फिल्म ‘लम्हे’ सिनेमाघरों में आई थी, जिसमें बड़े सितारे शामिल थे। रिलीज से पहले अनिल कपूर ने अजय को सलाह दी थी कि इतनी बड़ी फिल्म के सामने अपनी डेब्यू फिल्म रिलीज करना सही नहीं है, लेकिन नतीजा इसके बिल्कुल उलट निकला। जहां ‘लम्हे’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही, वहीं ‘फूल और कांटे’ सुपरहिट साबित हुई और अजय रातोंरात स्टार बन गए।फूल और कांटे में अजय देवगन ने 'अजय' नाम के कॉलेज छात्र का किरदार निभाया था।

अपने करियर में अजय ने ‘गोलमाल’, ‘ऑल द बेस्ट’ जैसी कॉमेडी फिल्मों से लोगों को हंसाया तो ‘सिंघम’ बनकर मास हीरो की छवि भी बनाई। अब तक उनकी 16 से ज्यादा फिल्मों ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है और वे कई नेशनल अवॉर्ड भी जीत चुके हैं।

अजय देवगन बॉलीवुड के उन चुनिंदा कलाकारों में से हैं, जिन्होंने सफलता के साथ प्रयोग भी किए और हर बार खुद को साबित किया। यही वजह है कि 57 की उम्र में भी वे इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद सितारों में गिने जाते हैं।