मालपुर स्कूल में नशा मुक्ति अभियान, छात्रों को दिलाई शपथ

समालखा के गवर्नमेंट हाई स्कूल मालपुर में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। एएसआई जगपाल सिंह ने छात्रों को नशे के दुष्परिणाम बताए, शपथ दिलाई और नशा पीड़ितों के मुफ्त इलाज व हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी

मालपुर स्कूल में नशा मुक्ति अभियान, छात्रों को दिलाई शपथ

गवर्नमेंट हाई स्कूल मालपुर में नशा मुक्ति अभियान
छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणाम बताए गए
शपथ दिलाकर नशा मुक्त भारत का संकल्प कराया गया

समालखा,अशोक शर्मा



जिले में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत गवर्नमेंट हाई स्कूल शहर मालपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को नशे की लत के खतरनाक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व नशा मुक्ति अभियान के प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों में कोई सदस्य नशे की चपेट में है, उनका इलाज पानीपत पुलिस अधीक्षक के निर्देश अनुसार सरकारी अस्पताल पानीपत में मुफ्त करवाया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने यह भी जागरूक किया कि यदि कोई व्यक्ति नशा बेचता है तो उसकी शिकायत सीधे हेल्पलाइन नंबर 1933 पर की जा सकती है।

जगपाल सिंह ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवा वर्ग तेजी से मानसिक बीमारियों की गिरफ्त में आ रहा है, जो समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। इस मौके पर उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलवाई।

उन्होंने कहा कि हमें केवल अपने लिए ही नहीं बल्कि परिवार, समुदाय और दोस्तों के लिए भी नशा मुक्त जीवन का संकल्प लेना होगा। परिवर्तन हमेशा भीतर से शुरू होता है और यदि आज की युवा पीढ़ी नशा छोड़ने का संकल्प लेती है तो आने वाला भारत नशा मुक्त और स्वस्थ होगा।