प्यार में टूटा दिल, LIVE कॉल में खत्म कर ली जिंदगी

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में 28 वर्षीय युवक ने गर्लफ्रेंड के शादी से इनकार पर वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर जान दे दी, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

प्यार में टूटा दिल, LIVE कॉल में खत्म कर ली जिंदगी

गर्लफ्रेंड के शादी से इनकार पर युवक ने उठाया खौफनाक कदम
वीडियो कॉल के दौरान फंदा लगाकर दी जान
दोस्त पहुंचे तो कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक


फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित जवाहर कॉलोनी में रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 28 वर्षीय युवक निखिल ने अपनी गर्लफ्रेंड द्वारा शादी से इंकार किए जाने से आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपनी गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल किया था और उसी दौरान यह घटना हुई।

मृतक की पहचान निखिल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, निखिल का संजय कॉलोनी में रहने वाली एक युवती के साथ करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे और इसको लेकर परिवारों के बीच बातचीत भी चल रही थी।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले तक दोनों का रिश्ता सामान्य था, लेकिन पिछले कुछ समय से युवती ने शादी से इनकार करना शुरू कर दिया था। इसी बात को लेकर निखिल काफी मानसिक तनाव में रहने लगा था।

रविवार शाम करीब पांच बजे निखिल और युवती के बीच पहले व्हाट्सएप पर बातचीत हुई। इसके बाद निखिल ने युवती को इंस्टाग्राम पर वीडियो कॉल किया। इसी दौरान उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना को लाइव देख युवती घबरा गई और तुरंत निखिल के दोस्तों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही निखिल के दोस्त उसके घर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि निखिल कमरे में फंदे से लटका हुआ था। उस समय वह घर पर अकेला था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां उज्जैन गई हुई थीं। उसका छोटा भाई भी घर पर मौजूद नहीं था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।