हरियाणा में घना कोहरा बना जानलेवा, 24l से 48 घंटे का येलो अलर्ट
हरियाणा में घने कोहरे को लेकर 24-48 घंटे का येलो अलर्ट जारी। सड़क हादसे बढ़े, 4-5 फरवरी को ओलावृष्टि की चेतावनी।
➤ हरियाणा के कई जिलों में 24 से 48 घंटे तक घने कोहरे का येलो अलर्ट
➤ 4-5 फरवरी को दक्षिण-पश्चिम हरियाणा में ओलावृष्टि की संभावना
➤ कोहरे के कारण सड़क हादसे बढ़े, सीएम का हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पाया
हरियाणा में एक बार फिर घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग चंडीगढ़ ने राज्य के कई जिलों में 24 से 48 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और यमुनानगर में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है, वहीं ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहेगी।
सोमवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में दृश्यता 5 मीटर से भी कम रही, जबकि कुछ स्थानों पर जीरो विजिबिलिटी जैसी स्थिति देखने को मिली। इसका सीधा असर सड़क यातायात और रेल सेवाओं पर पड़ा।
कोहरा बना जानलेवा, कई जिलों में हादसे
घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह हरियाणा के विभिन्न जिलों में सड़क हादसे सामने आए। सिरसा के कालांवाली क्षेत्र में रोड़ी रोड पर स्कूल बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक घायल हुआ, हालांकि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे। हिसार के बरवाला क्षेत्र में घने कोहरे के चलते हरियाणा रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई। बस में सवार करीब 50 यात्री सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया। हांसी के बड़ाला रोड पर धुंध के कारण स्विफ्ट कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जुलाना के निवासी बताए जा रहे हैं और कोर्ट पेशी के लिए हिसार जा रहे थे।
4-5 फरवरी को ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 फरवरी को दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में मौसम और बिगड़ सकता है। हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंताएं भी बढ़ सकती हैं। इसके अलावा हिसार, रोहतक, करनाल, अंबाला, गुरुग्राम और भिवानी में मंगलवार को पाला गिरने और शीतलहर को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कोहरे से प्रभावित हुईं उड़ानें और ट्रेनें
खराब मौसम का असर वीआईपी मूवमेंट पर भी पड़ा।
सोमवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ से उड़ान नहीं भर सका। उन्हें फतेहाबाद में पंडित जसराज की जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होना था। बाद में वे विशेष विमान से देरी से कार्यक्रम में पहुंचे।वहीं करनाल में कोहरे के कारण 16 ट्रेनें देरी से चलीं, जबकि चार ट्रेनों को रद करना पड़ा।
Akhil Mahajan