धुंध से मिलेगी राहत, 18 के बाद फिर बढ़ेगी परेशानी
हरियाणा में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। नारनौल सबसे ठंडा रहा। आज से शीतलहर चलने की संभावना, ठंड और बढ़ेगी।
- हरियाणा में रात का तापमान गिरा, सुबह मौसम रहा साफ
- नारनौल 6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा, हिसार में 6.6 डिग्री दर्ज
- आज से शीतलहर चलने की संभावना, ठंड और बढ़ेगी
हरियाणा में दो दिन तक घने कोहरे और धुंध के बाद मंगलवार सुबह मौसम साफ नजर आया। सोनीपत, रेवाड़ी, फतेहाबाद, झज्जर सहित कई जिलों में लोगों को कोहरे से राहत मिली। इन जिलों में पिछले दो दिनों से घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क हादसों की घटनाएं भी सामने आई थीं।
मौसम साफ होने के पीछे हवा की दिशा में बदलाव को वजह माना जा रहा है। देर शाम उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से वातावरण की नमी कम हुई और धुंध कई इलाकों में नहीं दिखी। इससे पहले दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण नमी बढ़ने से कोहरा छाया हुआ था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों से मैदानों की ओर चलने वाली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।
बीती रात प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। नारनौल में सबसे कम 6.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सिरसा में 6.2, हिसार में 6.6 और पंचकूला में 6.9 डिग्री तापमान रहा। करनाल में न्यूनतम तापमान 8.8, रोहतक में 8.2 और अंबाला में 10.7 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ शहर में 8.2 और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 8.4 डिग्री तापमान रहा।
कुछ जिलों में तापमान में तेज गिरावट भी देखी गई। जींद में तापमान 2.4 डिग्री तक गिरा, जबकि गुरुग्राम और पंचकूला में रात के तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे इन इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।
वहीं अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। सोमवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यमुनानगर में सबसे कम अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री रहा, जबकि चरखी दादरी में सबसे अधिक 25.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, नारनौल, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में गहरी धुंध को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि मंगलवार सुबह अधिकतर जिलों में मौसम साफ बना रहा और कहीं घना कोहरा नहीं देखा गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के अनुसार आज और कल उत्तर व उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं चलेंगी। इससे रात्रि तापमान में गिरावट और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। 18 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 20 दिसंबर तक आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम धुंध बनने की संभावना है।
Author1