120 करोड़ का फ्लैट या 5 स्टार होटल? हरियाणा की इस डील ने तोड़े सारे रिकार्ड
मशहूर निवेशक मधुसूदन केला ने गुरुग्राम के डीएलएफ द डाहलियाज प्रोजेक्ट में 120.70 करोड़ रुपए का अल्ट्रा-लक्जरी अपार्टमेंट खरीदा है। जानिए इस सुपर लग्जरी घर की खासियतें।
➤ शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक मधुसूदन केला ने खरीदा 120.70 करोड़ का फ्लैट
➤ 8,044 वर्ग फुट के अल्ट्रा-लक्जरी अपार्टमेंट में मिलेंगी होटल जैसी सुविधाएं
➤ द डाहलियाज प्रोजेक्ट देश के उद्योगपतियों और सेलिब्रिटीज की पहली पसंद बना
गुरुग्राम के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार ने एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया है। मशहूर निवेशक और एम.के. वेंचर्स कैपिटल के संस्थापक मधुसूदन केला ने डीएलएफ की अल्ट्रा-लक्जरी परियोजना 'द डाहलियाज' में करीब 120.70 करोड़ रुपए का अपार्टमेंट खरीदा है। यह सौदा न केवल गुरुग्राम बल्कि देश के सबसे चर्चित रियल एस्टेट सौदों में शामिल हो गया है।
यह अपार्टमेंट सेक्टर-56 स्थित डीएलएफ सिटी फेज-5 में टावर-1 की 20वीं मंजिल पर स्थित है। इसका कारपेट एरिया 6,233 वर्ग फुट और कुल स्पेस लगभग 8,044 वर्ग फुट बताया गया है। प्रति वर्ग फुट कीमत करीब 1.93 लाख रुपए रही, जो मुंबई के मालाबार हिल और दिल्ली के लुटियंस जोन जैसे प्रीमियम इलाकों की कीमतों के बराबर मानी जा रही है।
आखिर 120 करोड़ के फ्लैट में ऐसा क्या है?
यह सिर्फ एक फ्लैट नहीं, बल्कि एक सुपर लग्जरी लाइफस्टाइल पैकेज माना जा रहा है। ऐसे अपार्टमेंट्स में विशाल बेडरूम, प्राइवेट लिफ्ट लॉबी, हाई-एंड सिक्योरिटी, प्रीमियम क्लब हाउस, स्पा, वेलनेस सेंटर, मल्टीपल कार पार्किंग, गोल्फ कोर्स व्यू और पांच सितारा होटल जैसी सुविधाएं शामिल होती हैं।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की परियोजनाओं में रहने वाले लोगों को केवल घर नहीं, बल्कि एक विशेष जीवनशैली और हाई-प्रोफाइल कम्युनिटी का हिस्सा बनने का अवसर मिलता है।
सेलिब्रिटीज और उद्योगपतियों की पहली पसंद
'द डाहलियाज' लगातार देश के बड़े उद्योगपतियों, निवेशकों और सेलिब्रिटीज को आकर्षित कर रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन भी इसी प्रोजेक्ट में करीब 69 करोड़ रुपए का आवास खरीद चुके हैं।
अक्टूबर 2025 में दिल्ली के एक उद्योगपति ने इसी परियोजना में करीब 380 करोड़ रुपए में चार अपार्टमेंट खरीदे थे। वहीं हाल ही में मशहूर कारोबारी अजीत जैन ने नजदीकी परियोजना द कैमलियाज में लगभग 85 करोड़ रुपए का अपार्टमेंट खरीदा था।
डेढ़ साल में 60% इन्वेंट्री बिक गई
डीएलएफ के मुताबिक, द डाहलियाज की करीब 60 प्रतिशत इन्वेंट्री बिक चुकी है। कंपनी के संयुक्त प्रबंध निदेशक और मुख्य व्यवसाय अधिकारी आकाश ओहरी ने बताया कि जिन अपार्टमेंट्स की शुरुआती कीमत 60 से 75 करोड़ रुपए थी, उनकी कीमत अब बढ़कर 90 से 110 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। कुछ यूनिट्स की कीमत 135 करोड़ रुपए तक जा चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि गुरुग्राम का लग्जरी हाउसिंग बाजार अब देश के सबसे महंगे रियल एस्टेट बाजारों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
Akhil Mahajan