स्कूल बस के सामने बोलेरो रोककर पिस्टल दिखाई, दो युवक गिरफ्तार
एमएलएस डीएवी स्कूल बस को बोलेरो सवार युवकों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया। बस में 20 बच्चे सवार थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ़्तार किया और बोलेरो बरामद की।
-
बोलेरो सवार बदमाशों ने स्कूल बस रोककर ड्राइवर को पिस्टौल दिखाकर धमकाया
-
बस में मौजूद 20 बच्चे दहशत में आए, ड्राइवर ने बच्चों को सुरक्षित पहुंचाया
-
पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर बोलेरो और खिलौना पिस्टल बरामद की
नारनौल में बुधवार को बच्चों को ले जा रही एमएलएस डीएवी स्कूल की बस को उस समय रोक लिया गया जब एक बिना नंबर प्लेट की सफेद बोलेरो अचानक बस के सामने आकर खड़ी हो गई। बोलेरो में सवार युवकों ने बस ड्राइवर को पिस्टल दिखाकर धमकाया और चेतावनी दी कि वह इस रूट पर बस न लेकर आए। घटना के दौरान बस में करीब 20 बच्चे सवार थे, जो अचानक हुई वारदात से डर गए।
युवक धमकी देकर मौके से फरार हो गए। ड्राइवर सुदेश और कंडक्टर रविदत्त ने किसी तरह बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाया और फिर घर छोड़ा। बच्चों के चेहरे पर डर साफ दिखाई दे रहा था।
स्कूल प्रिंसिपल राजेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूजा वशिष्ठ को शिकायत दी। शिकायत में बताया कि बस नंबर HR66B4724, रूट नंबर 46 पर तोताहेड़ी, सिरोही बहाली, ढाणी बयावली, ढाणी भंडावली, मोहनपुर बाइपास और कालबा से होकर गुजरती है।
एसपी पूजा वशिष्ठ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नांगल चौधरी थाना प्रभारी भगत सिंह की टीम को जांच में लगाया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान प्रवीण निवासी मोहनपुर और रोहित निवासी ढाणी बायावाली (तन सिरोही बहाली) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक बिना नंबर प्लेट की बोलेरो और दो खिलौनानुमा पिस्टल बरामद की हैं।
प्रिंसिपल ने कहा कि यह घटना बच्चों तथा स्टाफ की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने रूट पर सुरक्षा बढ़ाने और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
Author1