सफेद, शाही और सुपरफास्ट, ₹1 करोड़ का घोड़ा , खासियत जानइ कर हो जाएंगे हैरान
कुरुक्षेत्र के पिहोवा पशु मेले में पंजाब से लाया गया ₹1 करोड़ का मारवाड़ी घोड़ा प्रताप रूप आकर्षण का केंद्र बना। खास डाइट, देखभाल और रफ्तार के कारण इसकी कीमत चर्चा में है।
• पंजाब से कुरुक्षेत्र पशु मेले में पहुंचा ₹1 करोड़ का मारवाड़ी घोड़ा
• सिर से पैर तक सफेद, 67 इंच हाइट और 28 महीने उम्र
• सर्दियों में बादाम उबला दूध, रोज एक घंटे तेल मालिश
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पिहोवा पशु मेले में पंजाब के संगरूर से एक करोड़ रुपए कीमत का घोड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मारवाड़ी नस्ल का यह नुकरा घोड़ा सिर से पैर तक पूरी तरह सफेद है। घोड़े का नाम प्रताप रूप है, जिसकी उम्र 28 महीने और ऊंचाई 67 इंच बताई गई है। इसकी कीमत सुनकर पशु मेले में पहुंचे पशुपालक भी हैरान हैं।
घोड़े के मालिक संगरूर जिले के तूर वंजारा गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह और उनके पिता निर्भय सिंह हैं। उन्होंने बताया कि प्रताप रूप की कीमत एक करोड़ रुपए तक लग चुकी है, लेकिन फिलहाल इसे बेचने का कोई इरादा नहीं है। सही देखभाल करने वाला खरीदार मिलने पर ही वे बेचने पर विचार करेंगे।
प्रताप रूप की डाइट और देखभाल भी बेहद खास है। इसे दिन में तीन बार अलग-अलग भोजन दिया जाता है। सुबह 2 से 3 किलो काले चने खिलाए जाते हैं। दोपहर में फॉर्म में खुला छोड़ा जाता है, जहां वह घास चरता है। शाम को दूध पिलाया जाता है और सर्दियों में दूध में बादाम उबालकर दिए जाते हैं। इसके साथ उबला जौ भी खिलाया जाता है। गर्मियों में सप्ताह में दो दिन सेब भी दिए जाते हैं।
घोड़े की सेवा के लिए तीन कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रताप रूप को रोज नहलाया जाता है और इसके बाद करीब एक घंटे तक तेल से मालिश की जाती है। मालिक खुद भी इसकी देखभाल में समय देते हैं। घोड़े की बेहतर सुरक्षा के लिए इसे घर में ही रखा जाता है।
निर्भय सिंह ने बताया कि प्रताप रूप को उन्होंने पंजाब से 60 लाख रुपए में खरीदा था। इसकी शुद्ध नस्ल, ऊंचाई और रंग के कारण इसकी कीमत अब एक करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। प्रताप रूप एक सेकेंड में करीब 40 फीट तक दौड़ सकता है। पिहोवा के PDFA पशु मेले में यह घोड़ा अपने पहले ही कॉम्पिटिशन में विजेता भी रहा।
Author1