पलवल रेलवे ट्रैक पर मिला शव, कैसे हुई बुजुर्ग की मौत? ट्रैक पार करते वक्त क्या हुआ कि कट गया शरीर?

पलवल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक अज्ञात बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पलवल रेलवे ट्रैक पर मिला शव, कैसे हुई बुजुर्ग की मौत?  ट्रैक पार करते वक्त क्या हुआ कि कट गया शरीर?

■ पलवल में रेलवे ट्रैक पार करते समय बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आया
■ शरीर कई हिस्सों में कटा मिला, मौके पर ही हुई मौत
■ जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए


हरियाणा के पलवल में एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात बुजुर्ग की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयानक था कि बुजुर्ग का शरीर कई हिस्सों में कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार यह हादसा पलवल रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर आदर्श कॉलोनी के पास अप मैन लाइन के किनारे हुआ। राहगीरों ने रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

जीआरपी के जांच अधिकारी देवरतन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला रेलवे दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ कपड़े भी मिले हैं, जिनके आधार पर बुजुर्ग की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 70 से 75 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसने सफेद रंग का कुर्ता और आसमानी रंग का पायजामा पहन रखा था। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है।

जीआरपी ने शव की पहचान के लिए जिला पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से वीटी संदेश जारी कर दिया है और आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को भी इसकी सूचना दे दी गई है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।

फिलहाल पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। जैसे ही मृतक की पहचान हो जाती है, उसके परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।