PIET संस्कृति स्कूल के बच्चों को टीचर ने शराब पीकर बर्बरता से पीटा, स्कूल संचालक के बेटे की गुंडागर्दी! अभिभावक का हंगामा....

पानीपत केPIET संस्कृति स्कूल के PTI पर शराब पीकर 10-15 बच्चों को बर्बरता से पीटने का आरोप लगा है। गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने दोषी शिक्षक को सामने नहीं लाया। चेयरमैन के बेटे पर भी अभिभावकों से बदसलूकी और गुंडागर्दी का आरोप है।

PIET संस्कृति स्कूल के बच्चों को टीचर ने शराब पीकर बर्बरता से पीटा, स्कूल संचालक के बेटे की गुंडागर्दी! अभिभावक का हंगामा....

PIET  स्कूल के PTI और एक महिला टीचर पर बच्चों को बर्बरता से पीटने का आरोप

स्कूल के बाहर परिजनों का दो घंटे तक हंगामा, शराब के नशे में शिक्षकों की गुंडागर्दी!

चेयरमैन के बेटे पर पेरेंट्स से बदसलूकी और गमला उठाकर मारने की कोशिश का आरोप


महंगी फीस, हाई-फाई सुविधाओं और चमकदार इमारतों के बीच सुरक्षा और संस्कार देने का दावा करने वाले पानीपत के नामी-गिरामी PITE संस्कृति स्कूल में शर्मसार करने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। स्कूल के फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (PTI) और एक महिला शिक्षिका पर बच्चों को बर्बरता से पीटने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। दावा किया गया है कि यह घटना उस वक्‍त हुई जब 11वीं क्लास के छात्रों को पाइट कॉलेज, समलखा ट्रिप पर ले जाया गया था। छात्रों का आरोप है कि वहां टीचर शराब के नशे में धुत थे। इसी दौरान उन्होंने छात्रों के साथ बदतमीज़ी की और विरोध करने पर उनकी बेरहमी से पिटाई की। जब अभिभावकों को बच्चों के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिली और उन्होंने न्याय की मांग करते हुए सेक्टर 25 स्थित स्कूल के बाहर भारी हंगामा कर दिया। इस दौरीान स्‍कूल के चेयरमैन के बेटे पर पेरेंट्स से बदसलूकी और गमला उठाकर मारने की कोशिश के आरोप भी लगाए गए हैं।

अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक शराब के नशे में थे। एक अभिभावक ने बताया, "हमें सबसे ज्यादा शॉक इस बात से लगा कि जेंट्स (पुरुष टीचर) ने ड्रिंक कर रखी थी और उन्होंने बच्चों को मारा, लेकिन साथ में मौजूद बबिता मैम नाम की लेडी टीचर ने भी बच्चों को बचाने की बजाय उन पर हँसा और तीन-चार थप्पड़ मारे। वो तो बच्चों को प्रोटेक्ट कर सकती थीं।" बच्चों के अनुसार, उन्हें सुबह 4 बजे उठाया गया और नंगे पैर चलाया गया। जब छात्रों ने इसकी शिकायत की तो उन्हें गालियाँ दी गईं और बुरी तरह पीटा गया।

पीड़ित छात्रों में से एक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब वह लेटा हुआ था तो एक सर आए और उसे उठाने लगे। जब वह नहीं उठा तो सर ने उसे पीछे से पकड़कर उठाया और ज़मीन पर फेंक दिया। छात्र ने कहा, "उठने के बाद जब मैं फिर से उठा, तो सर ने फिर से धक्का देकर मेरे को नीचे गिरा दिया।" एक अन्य छात्र ने पुष्टि की कि सर (अमन PTI) और बबीता मैम (बबीता मित्तल) ने अल्कोहल ड्रिंक कर रखी थी, उनके पास से शराब की स्मेल आ रही थी, और उनका बर्ताव अब्‍यूसिव था।

सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि अभिभावक डेढ़ से दो घंटे तक स्कूल के बाहर न्याय के लिए खड़े रहे, लेकिन स्कूल प्रशासन ने तानाशाही रवैया अपनाया। अभिभावकों का कहना है कि वे दो घंटे से खड़े हैं, लेकिन न तो प्रिंसिपल और न ही किसी टीचर ने आकर अपनी गलती मानी या बच्चों की चोट देखने की पहल की। उन्होंने सिर्फ यही कहा कि बच्चे बदमाशी कर रहे थे। एक अभिभावक ने रोष व्यक्त करते हुए कहा, "किसी ने यह नहीं कहा कि हमारी गलती हो गई, चलिए आप बच्चे को पहले लेकर चलिए, बच्चे की सेफ्टी है, बच्चे को मेडिकल करा लेते हैं, देख लेते हैं कितनी चोट लगी है।"

आरोप है कि माहौल तब और बिगड़ गया जब स्कूल के चेयरमैन सुरेश तायल जी का बेटा पेरेंट्स के सामने आया। अभिभावकों के अनुसार, उसने अटिट्यूड दिखाया और अपनी कोई गलती नहीं मानी। जब अभिभावकों ने उसे घेरा तो उसने गमला उठाया और उन्हें मारने की कोशिश की।

 अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई और दोषी टीचर्स के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे शांत नहीं बैठेंगे और मामले को ऊपर तक लेकर जाएंगे। उनका कहना है कि इस बर्बरता की कोई वजह सामने नहीं आई, सिवाय इसके कि टीचर शायद शराब के नशे में थे। उधर स्‍कूल प्रबंधन इस मामले में किसी भी टिप्‍पणी से इंकार कर रहा है।