रणदीप सुरजेवाला का हरियाणा- पंजाब सरकार पर निशाना: बोले एक सरकार अस्पताल तो दूसरी हेलिकॉप्टर में

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने यमुनानगर में बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हरियाणा और पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली की निंदा की। उन्होंने राहत कार्यों की तत्काल मांग की।

रणदीप सुरजेवाला का हरियाणा- पंजाब सरकार पर निशाना: बोले एक सरकार अस्पताल तो दूसरी हेलिकॉप्टर में

➤ रणदीप सुरजेवाला ने यमुनानगर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सरकार पर निशाना साधा
➤ कहा– यह प्राकृतिक आपदा नहीं, मैन मेड डिजास्टर, नदियों-नहरों की सफाई न होना प्रमुख वजह
➤ प्रभावित गांवों में तत्काल राहत कार्यों की मांग, आर्थिक मुआवजा, स्वच्छ पानी और आश्रय उपलब्ध कराने पर बल

हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार को यमुनानगर का दौरा किया। उन्होंने जलभराव से प्रभावित गांवों का दौरा कर किसानों, मजदूरों और स्थानीय निवासियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हरियाणा और पंजाब सरकारों की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की। भंभौली गांव में सुरजेवाला ने कहा कि दोनों राज्यों में हालात बद से बदतर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "एक सरकार अस्पताल में पड़ी है, तो दूसरी हेलिकॉप्टर में सैर कर रही है।" उन्होंने हरियाणा और पंजाब के नेताओं पर एक-दूसरे को साला-जीजा कहने और मजाक करने का आरोप लगाया।

यमुनानगर दौरे के दौरान ग्रामीणों से बातचीत करते रणदीप सुरजेवाला।

सुरजेवाला ने इस मानसून में बिगड़े हालात को मैन मेड डिजास्टर बताया। उन्होंने कहा कि समय पर नदियों, नहरों व ड्रेनेज सिस्टम की सफाई न करना और तटबंधों की कमी इसका मुख्य कारण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर सरकार ने पहले कदम उठाए होते तो गांव आज बाढ़ में डूबे न होते। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही से हजारों लोग पीड़ित हैं।

उन्होंने तत्काल राहत कार्यों की मांग की। प्रभावित परिवारों को आर्थिक मुआवजा, खाद्य सामग्री, स्वच्छ पानी और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने की अपील की।

सुरजेवाला ने दोपहर में पहले गांव कैल और नगली का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने टापू कमालपुर में यमुना नदी के कारण हुए भूमि कटाव का जायजा लिया। शाम को तेजली में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्या उजागर की। उनके दौरे का समापन गांव सुडैल में हुआ।