जेईई-मेन्स के बाद टूट गया इंजीनियर बनने का सपना: गुडबॉय लिखकर 19 साल के छात्र ने किया सुसाइड

रेवाड़ी में जेईई-मेन्स पास कर इंजीनियर बनने का सपना देखने वाले 19 वर्षीय छात्र की मौत से परिवार सदमे में, पुलिस जांच में जुटी।

जेईई-मेन्स के बाद टूट गया इंजीनियर बनने का सपना: गुडबॉय लिखकर 19 साल के छात्र ने किया सुसाइड

➤ जेईई-मेन्स पास कर बीटेक का सपना देख रहा था विकास

➤ परीक्षा परिणाम के बाद से तनाव में था छात्र

➤ परिवार बोला, वजह समझ से परे



हरियाणा के रेवाड़ी जिले में 19 वर्षीय छात्र विकास की मौत के मामले में सामने आई जानकारी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जेईई-मेन्स परीक्षा पास कर बीटेक करने का सपना देखने वाला विकास अपने ही घर में मृत पाया गया। इस घटना के बाद परिवार, गांव और स्कूल में शोक की लहर है।

परिजनों के अनुसार विकास पढ़ाई में बेहद होशियार था और इंजीनियर बनकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था। 12वीं कक्षा में नॉन मेडिकल स्ट्रीम से स्कूल टॉपर रहने वाला विकास घर पर रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि 4 फरवरी को जेईई-मेन्स की आंसर-की जारी होने के बाद से वह परेशान नजर आ रहा था। हालांकि उसने किसी से खुलकर अपनी परेशानी साझा नहीं की। उसी दिन शाम को परिवार को यह दुखद सूचना मिली।

स्कूल में नॉन मेडिकल स्ट्रीम का टॉपर

विकास रेवाड़ी जिले के ढ़ालियावास गांव का रहने वाला था। पिता बलबीर खेती-बाड़ी करते हैं, मां गृहिणी हैं, जबकि बड़ा भाई गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
विकास ने वर्ष 2025 में बिठवाना गांव के सरकारी स्कूल से 12वीं की परीक्षा दी थी, जिसमें नॉन मेडिकल स्ट्रीम में 87 प्रतिशत अंक हासिल कर वह स्कूल टॉपर रहा।

शादी की तैयारियों के बीच आई दुखद खबर

परिवार के अनुसार 20 फरवरी को मामा के घर शादी थी। मां कुछ दिन पहले ही वहां गई थीं और विकास को भी साथ चलने को कहा था, लेकिन उसने बाद में आने की बात कही थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह शादी में जरूर शामिल होगा, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

पिता की आंखों से नहीं थम रहे आंसू

घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। विकास के पिता बलबीर की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। गांव में शोक जताने आने वाले लोगों को देखकर वे बार-बार टूट जाते हैं। परिवार के सदस्य उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।