हरियाणा में इको पेड़ से टकराई, 2 वेटरों की मौत टायर फटने से हुआ दर्दनाक हादसा, 8 घायल
फतेहाबाद में टायर फटने से इको गाड़ी पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो वेटरों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
■ फतेहाबाद में तेज रफ्तार इको पेड़ से टकराई, 2 वेटरों की मौत
■ टायर फटने से हुआ हादसा, 8 घायल, 2 की हालत गंभीर
■ पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से लौट रहे थे सभी, पुलिस जांच में जुटी
फतेहाबाद के भूना रोड पर गांव जांडली कलां के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार इको गाड़ी का टायर अचानक फट गया और वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में दो वेटरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान जग्गा (33) निवासी गांव रेहनखेड़ी और आर्यन (20) निवासी गांव गुलाडी, जिला संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों ही वेटर का काम करते थे और घटना के समय अपने साथियों के साथ गाड़ी में सवार थे।जानकारी के अनुसार, यह वेटर पार्टी पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के पास स्थित गांव गुलाडी से फतेहाबाद की ओर आ रही थी। इको गाड़ी में करीब 10 लोग सवार थे। जैसे ही गाड़ी जांडली कलां बस स्टैंड के पास पहुंची, अचानक उसका टायर फट गया। गाड़ी की स्पीड अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया।
हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके से गुजर रही ट्रैफिक पुलिस टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।घायलों में राहुल (20) और साहिल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पहले फतेहाबाद सिविल अस्पताल लाया गया और बाद में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ड्राइवर कुलबीर सिंह को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे।इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक छोटी सी लापरवाही ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और कई लोगों को दर्द दे दिया।
shubham