हिसार में ग्रामीण बैंक से 27.92 लाख की चोरी, दीवार काटकर पहुंचे चोर, स्ट्रॉन्ग रूम काटा, CCTV में नकाबपोश कैद

हिसार के अग्रोहा में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की दीवार काटकर 27.92 लाख की चोरी। नकाबपोश CCTV में कैद, CIA और स्पेशल टीमें जांच में जुटीं।

हिसार में ग्रामीण बैंक से 27.92 लाख की चोरी, दीवार काटकर पहुंचे चोर, स्ट्रॉन्ग रूम काटा, CCTV में नकाबपोश कैद

➤हिसार के अग्रोहा में ग्रामीण बैंक की दीवार काटकर 27.92 लाख की चोरी
➤स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचने में 5–6 घंटे लगे, कटर और बैटरियां साथ लाए चोर
➤CCTV में नकाबपोश कैद, CIA और स्पेशल टीमें जांच में जुटीं


हरियाणा के हिसार जिले में बैंकिंग सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। अग्रोहा क्षेत्र के नंगथला गांव स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में चोरों ने पीछे की दीवार काटकर बैंक के भीतर प्रवेश किया और सीधे स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंच गए। यहां कटर की मदद से तिजोरी काटकर 27 लाख 92 हजार रुपये नकद निकाल लिए गए।

शनिवार और रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर अंजाम दी गई इस वारदात का खुलासा सोमवार सुबह हुआ। जब बैंक कर्मचारी शाखा पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दीवार कटी हुई थी और स्ट्रॉन्ग रूम की तिजोरी टूटी पड़ी थी। इसके तुरंत बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

चोरों ने बैंक में लगे CCTV सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन एक कैमरे में एक नकाबपोश बदमाश कैद हो गया। उसके चेहरे पर नकाब और सिर पर टोपी है, जिससे पहचान साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि यह वारदात किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 5 से 6 लोगों के गिरोह द्वारा की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरों को स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचने में करीब 5 से 6 घंटे लगे। वे तिजोरी काटने के लिए अपने साथ कटर और अतिरिक्त बैटरियां लेकर आए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि पूरी योजना पहले से तैयार थी और रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

सूचना मिलते ही अग्रोहा डीएसपी किशोरी लाल मौके पर पहुंचे। सिरसा से डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक और फिंगर एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया। बैंक परिसर और आसपास के इलाकों में गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम में रखी तिजोरी को चोरों ने कटर से काट दिया।

बैंक मैनेजर अंकित कुंडू ने बताया कि तिजोरी में 28 लाख से ज्यादा रुपये रखे थे। चोर जाते वक्त 50 हजार रुपये की एक गड्डी वहीं छोड़ गए, संभव है कि वह उनके हाथ नहीं लग पाई हो। तिजोरी में 500, 200 और 100 रुपये के नोट रखे थे, जिन्हें चोर ले गए।

बैंक से सटे मकान में रहने वाले परिवार को रात में किसी तरह की भनक नहीं लगी। ग्रामीणों ने बताया कि उस रात घनी धुंध थी और आसपास वेल्डिंग की दुकानों के कारण लोग तेज आवाजों के आदी हैं। संभव है कि कटर की आवाज को भी सामान्य समझकर अनदेखा कर दिया गया हो।

बैंक में जांच के लिए पहुंचे फोरेंसिक और फिंगर एक्सपर्ट।

गौरतलब है कि इसी बैंक में 12 साल पहले भी चोरी का प्रयास हो चुका है। 2014 में बैंक मुख्य सड़क पर स्थित था, जिसके बाद दो बार चोरी की कोशिश हुई थी। इसके चलते शाखा को गांव के अंदर शिफ्ट किया गया था। इसके बावजूद अब इतनी बड़ी वारदात ने पुलिस और बैंक प्रबंधन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

डीएसपी किशोरी लाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। CIA, बरवाला स्पेशल टीम और अग्रोहा पुलिस संयुक्त रूप से काम कर रही हैं। सीन ऑफ क्राइम का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है और जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।