वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान सरिता मोर बनीं मां, सोशल मीडिया पर शेयर की खुशखबरी
सोनीपत की वर्ल्ड नंबर-1 महिला पहलवान सरिता मोर मां बन गई हैं। उन्होंने अपने पहले बेटे को जन्म दिया और सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की। फैंस ने दीं ढेरों बधाइयां।
➤ वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान सरिता मोर बनीं मां
➤ सोनीपत की बेटी ने दिया बेटे को जन्म, सोशल मीडिया पर शेयर की खुशखबरी
➤ पोस्ट में लिखा – नई जर्नी शुरू, फैंस ने दीं बधाइयां
सुशील मोर
सोनीपत (हरियाणा): हरियाणा की गौरव और भारत की वर्ल्ड नंबर-1 महिला पहलवान सरिता मोर अब मां बन गई हैं। उन्होंने अपने पहले बेटे को जन्म दिया है। सरिता ने यह खुशखबरी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की, जिसके बाद उन्हें देशभर से बधाइयों का तांता लग गया।
सरिता ने पोस्ट में लिखा – “नई जर्नी शुरू।” उन्होंने अपने बेटे की तस्वीर में चेहरा इमोजी से छिपा रखा, लेकिन तस्वीर में सरिता और उनके पति व कोच राहुल मान दोनों बेहद खुश नजर आए। सरिता ने अंग्रेजी में लिखा,
“With blessings of God and wishes of you all, we have been blessed by a baby boy. A new journey begins, filled with tiny feet and endless love. Welcome to the world, our baby boy.”
उन्होंने दूसरी पोस्ट में एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया –
“ओं कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने प्रणतः क्लेशनाशाय गोविंदाय नमो नमः।”
इस पोस्ट के बाद उनके फैंस, साथी खिलाड़ी और खेल जगत से जुड़े लोग लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
प्रेग्नेंसी के दौरान भी रहीं प्रेरणा
सरिता मोर ने अपनी गर्भावस्था के दौरान भी कई प्रेरक पोस्ट की थीं। उन्होंने लिखा था –
“ताकत रुकती नहीं, बल्कि रूपांतरित होती है। कुश्ती से मातृत्व तक, हर पड़ाव एक जंग है, हर कदम एक जीत।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपने पति को धन्यवाद देते हुए लिखा –
“हर चैंपियन के पीछे कोई न कोई होता है जो विश्वास करता है और आगे बढ़ाता है। मैट पर और बाहर, दोनों जगह मेरी ताकत बनने के लिए शुक्रिया। यह सफर हमारा है।”
सरिता मोर का सफर
16 अप्रैल 1995 को कुरुक्षेत्र जिले के नाहरी गांव में जन्मी सरिता का बचपन कबड्डी खेलते हुए बीता, लेकिन बाद में उन्होंने कुश्ती को अपना लिया। 15 साल की उम्र में ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कैडेट स्तर पर पदार्पण किया। उनके पति राहुल मान, जो खुद एक पहलवान हैं, सरिता के कोच भी हैं। वर्तमान में सरिता भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं।
प्रमुख उपलब्धियां:
-
2017: एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में रजत पदक
-
2020: एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक
-
2021: लगातार दूसरा स्वर्ण पदक एशियाई चैम्पियनशिप में
-
2021: विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप (ओस्लो) में कांस्य पदक
-
2022: 59 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में विश्व नंबर-1 रैंकिंग
-
2022: अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित
फोगाट बहनों और ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक जैसी दिग्गज खिलाड़ियों के बीच भी सरिता मोर ने अपनी मेहनत, संयम और प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है। अब उनका जीवन एक नए अध्याय में प्रवेश कर चुका है – मातृत्व का।
Akhil Mahajan