फरीदाबाद में 12वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, दोस्तों के साथ घूमने निकला, अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनाें ने लगाया हत्‍या का आरोप

फरीदाबाद के गांव सीकरी में 12वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोस्तों के साथ बाहर गया छात्र अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित हुआ। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

फरीदाबाद में 12वीं के छात्र की संदिग्ध मौत,  दोस्तों के साथ घूमने निकला, अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनाें ने लगाया हत्‍या का आरोप


• फरीदाबाद में 12वीं के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत
• दोस्तों के साथ घूमने निकला था, अस्पताल पहुंचते ही मौत
• परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया



हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 12वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक छात्र अपने दोस्तों के साथ घर से बाहर घूमने गया था। कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।

सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी हरीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा हिमांशु 12वीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार को उसके दोस्त अंशुल और समीर घर आए थे, जिसके बाद हिमांशु दोनों के साथ बाहर घूमने चला गया।

कुछ समय बाद हिमांशु के मोबाइल फोन से कॉल आई, जिसमें बताया गया कि वह बेहोश हो गया है। इस पर परिजनों ने दोस्तों को तुरंत हिमांशु को बादशाह खान अस्पताल ले जाने को कहा।

परिजनों के अनुसार जब वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सोनू ने आरोप लगाया कि उसके दोस्तों ने ही हिमांशु की हत्या की है, क्योंकि घर से निकलते समय वह पूरी तरह स्वस्थ था।

मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हिमांशु के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।