पानीपत के टोल प्लाजा पर टोल मांगने पर शिफ्ट इंचार्ज पर तानी पिस्टल, कर्मचारी की सूझबूझ से टली बड़ी वारदात
पानीपत के तामशाबाद टोल प्लाजा पर टोल टैक्स मांगने पर शिफ्ट इंचार्ज पर पिस्टल तान दी गई। कर्मचारी की बहादुरी से आरोपी पकड़ा गया, CCTV में घटना कैद।
➤ टोल टैक्स मांगने पर कार सवार युवकों ने शिफ्ट इंचार्ज पर तानी देसी पिस्टल
➤ बहादुरी दिखाकर कर्मचारी ने छीनी पिस्टल, एक आरोपी मौके से पकड़ा गया
➤ CCTV में कैद हुई पूरी घटना, आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
पानीपत के सनौली रोड स्थित तामशाबाद टोल प्लाजा पर मंगलवार को दबंगई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां टोल टैक्स मांगने पर कार सवार युवकों ने शिफ्ट इंचार्ज की जान जोखिम में डाल दी। टोल टैक्स देने से इनकार करने पर युवकों ने शिफ्ट इंचार्ज पर पिस्टल तान दी, जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय शिफ्ट इंचार्ज साहिल त्यागी ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने बताया कि 3 फरवरी 2026 को एक कार (UP-38-AF-7397) टोल बूथ पर पहुंची। टोल मांगे जाने पर कार सवार युवकों ने पहले बदतमीजी शुरू की और देखते ही देखते कार में बैठे चार युवकों में से एक ने पिस्टल निकालकर साहिल पर तान दी।
हालांकि साहिल ने घबराने के बजाय सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने झुककर फुर्ती से आरोपी के हाथ से पिस्टल छीन ली। खुद को घिरता देख आरोपियों ने साहिल को जबरन कार में खींचने और अपहरण करने की कोशिश की, लेकिन साहिल के शोर मचाने पर टोल प्लाजा का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंच गया।
टोल कर्मचारियों को आता देख आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। इस दौरान कर्मचारियों ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान समीर, निवासी मनिहारान गांव, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा रौंद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर फरार साथियों के ठिकानों, वारदात की योजना और अवैध हथियार की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जाएगा।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
टोल मैनेजर कुलदीप ने बताया कि पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस को फुटेज सौंप दी गई है, जिसके आधार पर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
Akhil Mahajan