असम में सुखोई फाइटर जेट क्रैश में रोहतक के स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा शहीद

असम में इंडियन एयरफोर्स के सुखोई फाइटर जेट क्रैश हादसे में रोहतक के गांव ककराना निवासी स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे गांव पहुंचेगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

असम में सुखोई फाइटर जेट क्रैश में रोहतक के स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा शहीद


शहीद का पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे गांव ककराना पहुंचेगा
गांव में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार


असम में इंडियन एयरफोर्स के सुखोई फाइटर जेट के क्रैश होने की दर्दनाक घटना में हरियाणा के रोहतक जिले के गांव ककराना निवासी स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा शहीद हो गए। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और गांव ककराना में मातम का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार भारतीय वायुसेना का सुखोई फाइटर प्लेन असम में एक मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा ने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। जैसे ही शहादत की खबर गांव पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में गहरा दुख छा गया।

एयरफोर्स में भर्ती होने पर गांव में हुआ था अनुज का स्वागत पहले की फ़ोटो

दोपहर 2 बजे गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर

शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा का पार्थिव शरीर दोपहर करीब 2 बजे उनके पैतृक गांव ककराना लाया जाएगा। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन और सेना के अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।

गांव में पहले से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। ग्रामीण अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए तैयारियां कर रहे हैं।

परिवार में दादा और चाचा रहते हैं गांव में

बताया जा रहा है कि अनुज शर्मा के दादा और चाचा गांव ककराना में ही रहते हैं। जैसे ही हादसे की जानकारी परिवार तक पहुंची, घर में शोक का माहौल बन गया। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।

गांव के लोग और आसपास के क्षेत्र के नागरिक भी अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

अनुज शर्मा की शहादत की खबर सामने आने के बाद रोहतक जिले समेत पूरे हरियाणा में शोक की लहर है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया के माध्यम से शहीद को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा।