गैस नहीं मिली तो सिलेंडर भरी गाड़ी को टक्कर मारी:खेत में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, एजेंसी के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

श्रीगंगानगर में गैस नहीं मिलने पर युवक ने सिलेंडर भरी ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में सिलेंडर बिखर गए और कर्मचारियों से मारपीट की गई।

गैस नहीं मिली तो सिलेंडर भरी गाड़ी को टक्कर मारी:खेत में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, एजेंसी के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

गैस नहीं मिलने पर युवक ने सिलेंडर भरी ट्रॉली को मारी टक्कर
ट्रॉली पलटने से खेत में बिखरे LPG सिलेंडर, बड़ा हादसा टला
एजेंसी कर्मचारियों से मारपीट, सप्लाई बंद करने की चेतावनी


गैस सिलेंडर को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। LPG सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज युवक और उसके चार साथियों ने सिलेंडरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई और सिलेंडर इधर-उधर बिखर गए।

श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान में 2 अप्रैल को गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज युवक अपने नीले रंग के ट्रैक्टर न्यू हॉलैंड को सामने लाया था।

गनीमत रही कि ट्रॉली पलटने के बावजूद कोई सिलेंडर फटा नहीं। यदि ऐसा होता तो पास में खड़ी गेहूं और जौ की फसल में आग लग सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना 2 अप्रैल की बताई जा रही है, जबकि बाबू इण्डेन गैस एजेंसी के मालिक ऋतुराज गुर्जर ने 4 अप्रैल की शाम को इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टक्कर के बाद आरोपी युवक और उसके साथियों ने एजेंसी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनसे नकदी छीनने की भी कोशिश की।

एजेंसी के संचालक भीमसेन गुर्जर ने बताया कि फिलहाल गैस सप्लाई जारी है और जिन लोगों ने पहले से बुकिंग करवाई थी, उन्हें सिलेंडर पहुंचा दिए गए हैं। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो दलियांवाली गांव में गैस सप्लाई बंद की जा सकती है।

युवक ने गैस सिलेंडरों से भरी एजेंसी की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोर से टक्कर मार दी।

उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी जिला गैस यूनियन को दे दी गई है और आगे का फैसला यूनियन के साथ चर्चा के बाद लिया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत गैस वितरण के नियमों से हुई। 2 अप्रैल को एजेंसी के कर्मचारी रमन कुमार और गिरधारी लाल गांव दलियांवाली में सिलेंडर देने पहुंचे थे। इसी दौरान गुरसेवक सिंह सिलेंडर लेने आया। रिकॉर्ड जांच में पता चला कि उसने 26 मार्च को ही OTP के जरिए सिलेंडर लिया था।

टक्कर से ट्रॉली पलट गई और सिलेंडर खेत में बिखर गए। दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट भी करने का आरोप है।

पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार, 45 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। जब कर्मचारियों ने नियम का हवाला देकर मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज और धमकी देकर वहां से चला गया। बाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी घटना को अंजाम दिया। यह मामला श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।