करनाल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे पर मिली लटकी
करनाल में लव मैरिज के चार महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति-पत्नी के झगड़े और ब्लैकलिस्ट मामले की जांच जारी है।
■ लव मैरिज के 4 महीने बाद विवाहिता ने फंदा लगाया
■ पति-पत्नी में रात को झगड़ा, दोनों ने नंबर किए ब्लैकलिस्ट
■ दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, कमरे में मिला शव
करनाल के मोती नगर इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय महक ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिए थे। जब पति घर लौटा और संपर्क नहीं हो पाया, तो उसने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महक मृत अवस्था में मिली।मृतका महक मूल रूप से सोनीपत के मुरथल की रहने वाली थी और उसका जींद निवासी 27 वर्षीय दीपक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था और करनाल में किराए के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी, जिससे रिश्ते में तनाव बना हुआ था।
परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दीपक घर से बाहर चला गया। इस दौरान महक ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन दीपक ने परेशान होकर उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। बाद में जब दीपक वापस लौटा और संपर्क करने की कोशिश की, तो महक ने भी उसका नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया था, जिससे दोनों के बीच बातचीत नहीं हो सकी।
सुबह जब दीपक घर पहुंचा और दरवाजा नहीं खुला, तो उसने अपने ममेरे भाई को बुलाया। दोनों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा, जहां महक कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के पीछे और कोई कारण था या नहीं।
shubham