रणदीप हुड्डा की मां का फिल्मी डेब्यू, पहली ही फिल्म में बनी दादी
रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ से फिल्मों में डेब्यू किया। उन्होंने पहली ही फिल्म में दादी का किरदार निभाया, जिस पर बेटे ने मजेदार प्रतिक्रिया दी।
■ रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा की फिल्मों में एंट्री
■ पहली ही फिल्म में निभाया दादी का किरदार, हरियाणवी सिनेमा से शुरुआत
■ बेटे ने मजाकिया अंदाज में दी बधाई, बोला- मां सीधे दादी बन गई
हरियाणा के सोनीपत से एक दिलचस्प और खास खबर सामने आई है, जहां बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने फिल्मों में कदम रख दिया है। अपनी पहली ही फिल्म में उन्होंने दादी का किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा है। उनकी यह शुरुआत हरियाणवी फिल्म सांगी से हुई है, जिसमें उनका रोल काफी सराहा जा रहा है।रणदीप हुड्डा ने अपनी मां की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर खास अंदाज में बधाई दी। उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा, “जिब मां के रोल का टेम था, टेम ना मिल्या, तै ईब सीधा दादी का।” उनके इस पोस्ट ने फैंस के बीच भी मुस्कान ला दी और मां-बेटे की बॉन्डिंग को दर्शाया।आशा हुड्डा ने बताया कि उन्हें यह रोल करीब डेढ़ साल पहले मिला था। सोनीपत की फिल्म क्रिएटर गीतू परी ने उन्हें फिल्म में दादी के किरदार के लिए संपर्क किया था। इसके बाद उन्होंने जींद और आसपास के इलाकों में शूटिंग की, जो महज एक-दो दिन में पूरी हो गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति को बड़े पर्दे पर दिखाने के उद्देश्य से उन्होंने यह रोल स्वीकार किया।
फिल्म सांगी एक कलाकार के संघर्ष और रिश्तों की कहानी पर आधारित है, जिसमें लव ट्रायंगल का एंगल भी देखने को मिलता है। फिल्म में लीड रोल साक्षी दलाल ने निभाया है। आशा हुड्डा का दादी का किरदार फिल्म के अन्य कलाकारों को भी काफी पसंद आया है।आशा हुड्डा ने बताया कि एक्टिंग का शौक उन्हें कॉलेज के दिनों से था। उन्होंने 1971 में रोहतक के वूमेन कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और उस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। हालांकि, शादी के बाद उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।राजनीतिक जीवन की बात करें तो आशा हुड्डा लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी रही हैं। वे हरियाणा महिला मोर्चा की जनरल सेक्रेटरी रह चुकी हैं और 2014 व 2019 में विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी भी कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्हें पावर जेनरेशन हरियाणा की डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी दी गई थी।अब फिल्मों में कदम रखने के बाद आशा हुड्डा ने कहा है कि उनका पहला अनुभव बेहद शानदार रहा और आगे भी अगर अच्छे रोल मिलते हैं तो वे एक्टिंग जारी रखेंगी।
shubham