हरियाणा में कारोबारी का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो, मांगी पचास लाख की फिरौती और फिर.....
सोनीपत के गोहाना में व्यापारी का अपहरण कर 5 करोड़ फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने 48 घंटे में मामले का पर्दाफाश कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों ने व्यापारी के कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाई थी और 50 लाख में सौदा तय किया था।
➤ व्यापारी का अपहरण कर मांगी 5 करोड़ की फिरौती
➤ 50 लाख में हुआ सौदा, कपड़े उतरवाकर बनाई वीडियो
➤ गोहाना पुलिस ने 48 घंटे में पांच बदमाश दबोचे
हरियाणा के गोहाना में हुए सनसनीखेज अपहरण और फिरौती कांड से पर्दा उठ गया है। व्यापारी को बंधक बनाकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी, बाद में सौदा 50 लाख रुपये में तय किया गया। बदमाशों ने पीड़ित व्यापारी के कपड़े उतरवाकर उसकी वीडियो बनाई और धमकी दी कि पैसे न देने पर वीडियो वायरल कर देंगे और फैक्ट्री को जला देंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ममता सिंह (IPS, ADGP) ने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। महज 48 घंटों में क्राइम यूनिट गोहाना की टीम ने पांच आरोपियों - आरजू, सोनू, गौरव, रामपाल और प्रवीन - को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शिकायतकर्ता व्यापारी ने बताया कि 16 सितंबर को वह अपनी फैक्ट्री (जींद रोड) जा रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मारी। कार से उतरे हथियारबंद बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और गाड़ी से उतारकर अपनी गाड़ी में डाल लिया। उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसे खेतों में बने एक कमरे में ले जाया गया।
बदमाशों ने व्यापारी से कहा, “जीना चाहता है या मरना चाहता है” और 5 करोड़ रुपये की मांग की। एक घंटे की सौदेबाजी के बाद सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी और मोबाइल लौटा दिया, लेकिन उसमें रखे एक लाख रुपये निकाल लिए।
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसके परिवार और फैक्ट्री के बारे में पूरी जानकारी रखते थे। उन्होंने कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाई और धमकी दी कि वीडियो वायरल कर देंगे। साथ ही कहा कि तय रकम न मिलने पर उसकी फैक्ट्री को आग लगा देंगे।
घटना के बाद थाना बरोदा में मामला दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर अंकित कुमार और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ लिया। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और उनकी अपराध की जड़ें कहां तक फैली हैं।
Akhil Mahajan