हिसार एयरपोर्ट पर लागू हुआ नया विंटर शेड्यूल- धुंध ने रोकी उड़ानें, हिसार-दिल्ली फ्लाइट रद
घने कोहरे के चलते डीजीसीए ने हिसार एयरपोर्ट का नया विंटर शेड्यूल जारी किया। 16 दिसंबर से हिसार-दिल्ली फ्लाइट रद, अयोध्या और चंडीगढ़ रूट में बदलाव।
- घने कोहरे के चलते हिसार-दिल्ली फ्लाइट 16 दिसंबर से रद
- डीजीसीए ने एक महीने के लिए जारी किया नया विंटर शेड्यूल
- हिसार एयरपोर्ट से अब सीमित दिनों में ही उड़ानें संचालित होंगी
हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट पर लगातार घनी धुंध और कम विजिबिलिटी को देखते हुए डीजीसीए ने एक महीने के लिए नया विंटर शेड्यूल जारी किया है। इस शेड्यूल के तहत हिसार से दिल्ली और दिल्ली से हिसार की हवाई सेवा को 16 दिसंबर से आगामी आदेशों तक पूरी तरह रद कर दिया गया है। यह नया शेड्यूल 15 जनवरी तक प्रभावी रहेगा।
डीजीसीए के आदेश के अनुसार अब हिसार एयरपोर्ट से केवल शुक्रवार, शनिवार और रविवार को ही उड़ानें संचालित होंगी। शेष दिनों में कोई भी हवाई सेवा उपलब्ध नहीं होगी। इसके साथ ही हिसार से अयोध्या के लिए उड़ानों की संख्या भी घटा दी गई है। पहले जहां सप्ताह में दो दिन फ्लाइट संचालित होती थी, अब केवल एक दिन ही उड़ान भरेगी।
बताया जा रहा है कि हिसार से दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या बेहद कम थी। महज 9 महीने के भीतर ही इस रूट को बंद करने का निर्णय इसी कारण लिया गया है। इससे पहले दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या घटाकर केवल रविवार कर दी गई थी, लेकिन अब इस रूट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
हिसार एयरपोर्ट से जयपुर के लिए शुरू की गई हवाई सेवा में राहत जरूर दी गई है। पहले जहां सप्ताह में एक दिन फ्लाइट थी, अब इसे बढ़ाकर दो दिन कर दिया गया है। तीन महीने पहले ही जयपुर के लिए उड़ान सेवा शुरू हुई थी।
वहीं हिसार से चंडीगढ़ के लिए उड़ान के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। पहले यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन उड़ती थी, लेकिन अब केवल शुक्रवार को ही संचालित होगी। इसके समय में भी परिवर्तन किया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि आगामी धुंध के सीजन को देखते हुए समय और उड़ानों की संख्या में यह बदलाव किया गया है।
Author1