कपड़ा व्यापारी से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाला बदमाश पुलिस ने एनकाउंटर में दबोचा
नरवाना में कपड़ा व्यापारी से 50 लाख की फिरौती मांगने वाले बदमाश को पुलिस ने एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया। आरोपी से अवैध हथियार और कारतूस बरामद।
कपड़ा व्यापारी से 50 लाख की फिरौती मांगने वाला बदमाश एनकाउंटर में घायल
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों टांगों में लगी गोली
दो अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद
जींद जिले के नरवाना में कपड़ा कारोबारी से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने और फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए स्टाफ नरवाना ने इस कार्रवाई को घटना के महज दो दिन के भीतर अंजाम दिया।
सीआईए स्टाफ नरवाना के इंचार्ज सुखदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दाता सिंह वाला क्षेत्र में आरोपी अनूप निवासी बेलरखा को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी अनूप की दोनों टांगों में गोली लगी, जिसमें एक टांग में फ्रैक्चर भी हो गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह पर भी सीधी गोली चलाई, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण वे बाल-बाल बच गए।
एनकाउंटर के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को आरोपी ने नरवाना शहर में कपड़ा व्यापारी नरेश जैन के शोरूम पर पहुंचकर फायरिंग की थी और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।
Author1