हिमाचल :अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हमीरपुर में मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास, योग करते हुए मुख्यमंत्री को हुई तकलीफ, सीएम बोले- योग हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर।
हमीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। योगासन के दौरान उन्हें हल्की तकलीफ हुई, लेकिन उन्होंने योग को संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर बताया।
हमीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने हजारों लोगों के साथ किया योगाभ्यास
योगासन के दौरान मुख्यमंत्री को हुई हल्की तकलीफ, कुछ आसनों में नहीं लिया हिस्सा
सीएम बोले- योग हमारी संस्कृति, परंपरा और स्वस्थ जीवनशैली की सबसे बड़ी धरोहर
हमीरपुर के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयुष विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने आयुष विभाग द्वारा प्रकाशित योग स्मारिका का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्री यादविंदर गोमा ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
योगाभ्यास के दौरान एक आसन करते समय मुख्यमंत्री को हल्की शारीरिक तकलीफ का सामना करना पड़ा। इसके चलते उन्होंने कुछ कठिन आसनों में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ अधिकांश योग क्रियाओं में भागीदारी की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग हमारी परंपरा, संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। भारत की यह अमूल्य धरोहर आज पूरी दुनिया द्वारा अपनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का भी आधार है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
खेलों को बढ़ावा देने के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार निचले हिमाचल में खेल गतिविधियों को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में उपलब्ध खेल ढांचे को देखते हुए राज्य सरकार आगामी वर्षों में खेलो इंडिया राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश करेगी।
मुख्यमंत्री ने ड्रग फ्री हिमाचल अभियान के दूसरे चरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार घर-घर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है। योग नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
अपने अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर योगासन आसान नहीं होता और इसे सही तकनीक के साथ करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से योग को अपनाकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा, विधायक सुरेश कुमार, विधायक कैप्टन रणजीत राणा सहित करीब दो हजार लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया।
pooja